आत्मरक्षा प्रशिक्षण से बालिकाओं में बढ़ा आत्मविश्वास
करनाल, 04 जून। सेवा भारती द्वारा संचालित समर्थ किशोरी प्रकल्प के अंतर्गत सेवा श्री आश्रम में जिला स्तरीय आत्मरक्षा जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता सेवा भारती के जिलाध्यक्ष श्री विपिन अरोड़ा ने की। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में बालिकाओं का आत्मनिर्भर एवं आत्मविश्वासी होना अत्यंत आवश्यक है तथा आत्मरक्षा प्रशिक्षण उन्हें हर परिस्थिति का साहसपूर्वक सामना करने में सक्षम बनाता है।
कार्यक्रम में मार्शल आर्ट अकादमी के संचालक मास्टर सतीश राणा अपनी टीम सहित उपस्थित रहे। उनके साथ अंतरराष्ट्रीय स्वर्ण पदक विजेता एवं ब्लैक बेल्ट खिलाड़ी सरिता रोहिला ने बालिकाओं को आत्मरक्षा के विभिन्न व्यावहारिक गुर सिखाए। उन्होंने प्रदर्शन के माध्यम से बताया कि आपातकालीन परिस्थितियों में किस प्रकार साहस, सूझबूझ एवं आत्मविश्वास के साथ स्वयं की रक्षा की जा सकती है।
इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में निर्मल कुटिया स्कूल की छात्राओं के अतिरिक्त सिलाई केंद्र, रूप-सज्जा केंद्र तथा कंप्यूटर केंद्र में प्रशिक्षण प्राप्त कर रही लगभग 100 बालिकाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। बालिकाओं ने आत्मरक्षा संबंधी विभिन्न तकनीकों को सीखने में विशेष रुचि दिखाई तथा प्रशिक्षण को अत्यंत उपयोगी बताया।
कार्यक्रम का शुभारंभ बालिकाओं द्वारा प्रस्तुत मधुर भक्ति गीत से हुआ, जिसने पूरे वातावरण को भक्तिमय एवं प्रेरणादायक बना दिया।
इस अवसर पर सेवा भारती के प्रांत सह-कोषाध्यक्ष एवं जिला पालक श्री सुरेंद्र गोयल, समर्थ किशोरी जिला प्रमुख श्रीमती अनीता बहन, सह-प्रमुख श्रीमती अलका चौधरी, सह-सचिव एवं सह जिला प्रमुख श्रीमती प्रीति कुकरेजा तथा कोषाध्यक्ष श्री नरेश मट्टा विशेष रूप से उपस्थित रहे। इसके अतिरिक्त सेवा श्री आश्रम की सभी अध्यापिकाओं ने भी कार्यक्रम में सहभागिता कर बालिकाओं का उत्साहवर्धन किया।
अंत में सभी अतिथियों, प्रशिक्षकों, अध्यापिकाओं एवं प्रतिभागी बालिकाओं का आभार व्यक्त करते हुए उनके सहयोग के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया गया। विपिन अरोड़ा ने कहा कि ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम बालिकाओं में आत्मविश्वास, साहस एवं नेतृत्व क्षमता का विकास करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *