अंबाला। हरियाणा के अंबाला जिला न्यायालय को सोमवार सुबह एक धमकी भरा ई-मेल मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर आ गईं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार सुबह 9:11 बजे जिला न्यायालय को भेजे गए ई-मेल में म्यूनिसिपल कार्यालय, मेयर कार्यालय, जिला न्यायालय अंबाला, रेलवे स्टेशन तथा रेलवे ट्रैक पर 6 जून 2026 को बम विस्फोट करने की धमकी दी गई।

धमकी भरे ई-मेल के बाद सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई। सुरक्षा के मद्देनजर रेलवे सुरक्षा बल जीआरपी, सीआईबी तथा डॉग स्क्वाड की संयुक्त टीम ने अंबाला छावनी रेलवे स्टेशन पर सघन चेकिंग अभियान चलाया।

अभियान के दौरान प्रभारी निरीक्षक आरपीएफ रविंद्र सिंह, एसआई पंकज कुमार एवं आरपीएफ स्टाफ, जीआरपी अंबाला छावनी के एएसआई सुखबीर सिंह, सीआईबी टीम तथा डॉग स्क्वाड के एएसआई दीपचंद ने स्टेशन परिसर के विभिन्न हिस्सों की गहन जांच की।

किसी भी प्रकार की संदिग्ध वस्तु नहीं मिला

टीम ने प्लेटफार्मों, सर्कुलेटिंग एरिया, पार्सल घर, पार्किंग क्षेत्र, वेटिंग हॉल और आरएमएस कार्यालय सहित अन्य संवेदनशील स्थानों पर यात्रियों के सामान और गतिविधियों की जांच की। जांच के दौरान किसी भी प्रकार की संदिग्ध वस्तु या संदिग्ध व्यक्ति नहीं मिला।

अधिकारियों ने यात्रियों को अपने सामान की सुरक्षा के प्रति सतर्क रहने, जहरखुरानी से बचने तथा रेलवे हेल्पलाइन नंबर 139 के उपयोग के बारे में जागरूक किया। साथ ही यात्रियों को अपने साथ कोई ज्वलनशील सामग्री न ले जाने और किसी भी लावारिस सामान अथवा संदिग्ध व्यक्ति की सूचना तुरंत आरपीएफ, जीआरपी या रेलवे हेल्पलाइन 139 पर देने की अपील की गई।
रेलवे सुरक्षा एजेंसियों ने स्पष्ट किया कि यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी संभावित खतरे से निपटने के लिए सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत किया गया है।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *