करनाल। देवभूमि उत्तराखंड की आध्यात्मिक नगरी ऋषिकेश में आयोजित अखिल भारतीय महापौर परिषद की 117वीं बैठक का सफल समापन हो गया। परिषद की अध्यक्ष एवं करनाल की महापौर रेणु बाला गुप्ता के नेतृत्व में आयोजित बैठक में देशभर से आए महापौरों एवं शहरी विकास विशेषज्ञों ने स्थानीय स्वशासन, नगर विकास, स्वच्छता, डिजिटल प्रशासन, आधारभूत सुविधाओं के विस्तार तथा नागरिकों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर व्यापक विचार-विमर्श करते हुए भविष्य का रोड मैप तैयार किया।
उल्लेखनीय है कि दो दिवसीय सम्मेलन के दौरान परिषद की अध्यक्ष रेणु बाला गुप्ता का नेतृत्व विशेष रूप से केंद्र में रहा। उन्होंने बैठक के द्वितीय सत्र की अध्यक्षता करते हुए देशभर के महापौरों को साझा मंच प्रदान किया, जहां विभिन्न नगरों में लागू सफल विकास मॉडल, नवाचारों और जनहितकारी पहलों पर सार्थक संवाद हुआ। बैठक में इस बात पर विशेष जोर दिया गया कि एक-दूसरे के सफल अनुभवों को अपनाकर देश के शहरों को अधिक स्वच्छ, स्मार्ट, आत्मनिर्भर और नागरिक-अनुकूल बनाया जा सकता है।
इस दौरान परिषद की अध्यक्ष रेणु बाला गुप्ता ने कहा कि स्थानीय निकाय लोकतंत्र की सबसे महत्वपूर्ण इकाइयों में से हैं और निश्चित रूप से देश के समग्र विकास का आधार मजबूत स्थानीय स्वशासन है। उन्होंने कहा कि अखिल भारतीय महापौर परिषद जैसे संगठन नगरों के बीच बेहतर समन्वय, अनुभवों के आदान-प्रदान और जनहितकारी नीतियों को प्रभावी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
इससे पूर्व बैठक के प्रथम सत्र में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, शहरी विकास मंत्री राम सिंह, ऋषिकेश के महापौर शंभू पासवान, परिषद के महासचिव आशुतोष वार्ष्णेय, कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल एवं सुबोध उनियाल सहित अनेक गणमान्य अतिथियों ने सहभागिता की। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नगरों के सुनियोजित विकास, स्वच्छता, आधुनिक आधारभूत सुविधाओं और स्मार्ट सिटी विज़न को साकार करने पर बल देते हुए परिषद की अध्यक्ष रेणु बाला गुप्ता के कुशल नेतृत्व, प्रभावी संगठन क्षमता और उत्कृष्ट समन्वय की मुक्त कंठ से सराहना की। उन्होंने कहा कि उनके नेतृत्व में परिषद देशभर के महापौरों को एक सशक्त मंच प्रदान कर रही है, जो विकसित भारत के संकल्प को मजबूत करने में महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है।
समापन समारोह में उत्तराखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक, पूर्व राज्य मंत्री संदीप गुप्ता, आयुक्त गोपाल बेनीवाल, परिषद के महासचिव आशुतोष वार्ष्णेय, सचिव मनोज तथा देशभर से आए महापौर एवं विशिष्ट अतिथि उपस्थित रहे। कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक से आत्मीय संवाद भी हुआ।
मंथन से होगा मार्गदर्शन
परिषद की अध्यक्ष रेणु बाला जी ने बताया कि गंगा तट पर बसी ऋषियों की तपोभूमि ऋषिकेश में आयोजित यह सम्मेलन केवल एक औपचारिक बैठक नहीं रहा, बल्कि देश के नगरों के उज्ज्वल भविष्य, सशक्त स्थानीय स्वशासन और जनकल्याणकारी प्रशासन के लिए सामूहिक चिंतन एवं संकल्प का प्रभावी राष्ट्रीय मंच सिद्ध हुआ। बैठक के दौरान हुए विचार-मंथन और सुझावों को देशभर के नगर निकायों के लिए मार्गदर्शक माना जा रहा है।
सभी का जताया आभार
सफल आयोजन के लिए परिषद की अध्यक्ष रेणु बाला गुप्ता ने अखिल भारतीय महापौर परिषद की पूरी टीम, उत्तराखंड सरकार, ऋषिकेश नगर निगम, सभी सहभागी महापौरों, जनप्रतिनिधियों एवं अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए विश्वास जताया कि यहां हुए सार्थक विचार-विमर्श से देश के शहरों के विकास को नई दिशा और नई गति मिलेगी।
