प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय के विश्व शांति धाम में 1 से 3 जून तक आयोजित तीन दिवसीय समर कैंप का समापन उत्साह, उमंग और आध्यात्मिक वातावरण के बीच संपन्न हुआ। समापन समारोह में नवयुग सीनियर सेकेंडरी स्कूल के डायरेक्टर बी. डी. गाबा तथा प्रधानाचार्य डॉ. देवेंद्र अरोड़ा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। राजयोगिनी ब्रह्माकुमारी सरोज बहन ने ईश्वरीय सौगात भेंट कर अतिथियों का स्वागत एवं सम्मान किया।
समर कैंप के अंतिम दिन लगभग 125 बच्चों की उत्साहपूर्ण उपस्थिति रही। कार्यक्रम की शुरुआत आध्यात्मिक गीतों एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से हुई। “हमें किसी की परवाह नहीं, बाबा से है जिंदगी, बाबा से है बंदगी” गीत पर बच्चों ने मनमोहक नृत्य प्रस्तुत कर सभी का दिल जीत लिया।
राजयोगिनी ब्रह्माकुमारी सरोज बहन के मार्गदर्शन में आयोजित इस समर कैंप का उद्देश्य बच्चों के व्यक्तित्व का सर्वांगीण विकास करना था। तीन दिनों तक बच्चों को नैतिक मूल्य, अनुशासन, आज्ञापालन, एकाग्रता, सकारात्मक सोच, बड़ों का सम्मान तथा आध्यात्मिक जीवन शैली जैसे विषयों पर प्रेरणादायक जानकारी दी गई। रोचक गतिविधियों, खेलों एवं प्रेरक वीडियो के माध्यम से बच्चों को जीवन में सफलता के सूत्र सिखाए गए।
बच्चों को ईश्वर का यथार्थ परिचय देते हुए बताया गया कि सभी धर्मों का परमपिता एक ही है, जिसे विभिन्न धर्मों में अलग-अलग नामों से पुकारा जाता है। साथ ही उन्हें क्रोध, आलस्य, झूठ और अन्य बुराइयों से दूर रहकर श्रेष्ठ संस्कार अपनाने की प्रेरणा दी गई।
कैंप के दौरान आयोजित विशेष गतिविधियों के माध्यम से बच्चों को सुनने, समझने और सकारात्मक सोच विकसित करने की शिक्षा दी गई। बच्चों ने भी अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि उन्होंने इस शिविर से जीवन को बेहतर बनाने वाली अनेक शिक्षाएं प्राप्त की हैं।
कुरुक्षेत्र के विभिन्न क्षेत्रों से आए बच्चों ने नृत्य, कविता, गीत एवं अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। देशभक्ति, हरियाणवी, पंजाबी, भक्ति एवं प्रेरणादायक गीतों पर प्रस्तुतियां विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं। मातृभूमि मिशन स्कूल, अमीन के विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत योग प्रदर्शन ने सभी दर्शकों की खूब सराहना प्राप्त की।
इस अवसर पर प्रधानाचार्य डॉ. देवेंद्र अरोड़ा ने कहा कि बच्चों का वास्तविक विकास केवल शिक्षा से नहीं, बल्कि संस्कारों और नैतिक मूल्यों से होता है। उन्होंने कहा कि यह समर कैंप बच्चों को जीवन की सही दिशा देने वाला एक उत्कृष्ट प्रयास है। यहां का सकारात्मक वातावरण और आध्यात्मिक ऊर्जा बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव रखेगी। उन्होंने देशभक्ति गीत “हम जिएंगे और मरेंगे ऐ वतन तेरे लिए” प्रस्तुत कर बच्चों में राष्ट्रप्रेम का भाव भी जागृत किया।
नवयुग सीनियर सेकेंडरी स्कूल के डायरेक्टर बी. डी. गाबा ने ब्रह्माकुमारीज संस्थान के इस निःशुल्क समर कैंप की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों में सकारात्मक सोच और श्रेष्ठ संस्कार विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने अगले वर्ष अपने विद्यालय के अधिकाधिक विद्यार्थियों को इस शिविर में भेजने की घोषणा भी की।
कार्यक्रम के समापन पर सभी प्रतिभागी बच्चों को प्रमाण-पत्र एवं सम्मान-चिह्न प्रदान किए गए। अंत में ब्रह्माकुमारी सरोज बहन ने सभी बच्चों, अभिभावकों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि बच्चों के भीतर छिपी श्रेष्ठताओं को जागृत करना ही इस समर कैंप की सबसे बड़ी उपलब्धि है। कार्यक्रम का समापन सभी को परमात्म स्मृति का प्रसाद एवं मुख मीठा करवाकर किया गया।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *