कुरुक्षेत्र, 2 जून। उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने कहा कि हरियाणा सरकार द्वारा किसानों के हित में चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं का लाभ लेने के लिए जिला के सभी किसान अपनी खरीफ 2026 की फसलों का पंजीकरण मेरी फसल मेरा ब्यौरा पोर्टल पर अवश्य करवाएं। फसलों का पंजीकरण करवाने से किसान कृषि एवं किसान कल्याण विभाग हरियाणा द्वारा संचालित किसान हितैषी योजनाओं का लाभ आसानी से प्राप्त कर सकेंगे।
उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा मेरी फसल मेरा ब्यौरा पोर्टल खरीफ 2026 सीजन के लिए खोल दिया गया है। किसान समय रहते पोर्टल पर अपनी फसलों का पंजीकरण करवाएं ताकि योजनाओं का लाभ लेने में किसी प्रकार की असुविधा न हो। धान की सीधी बिजाई (डीएसआर) योजना के अंतर्गत हरियाणा सरकार द्वारा किसानों को 4500 रुपये प्रति एकड़ की प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएगी। योजना का लाभ प्राप्त करने के लिए किसानों को धान की सीधी बिजाई करनी होगी तथा मेरी फसल मेरा ब्यौरा पोर्टल पर 15 जून 2026 तक पंजीकरण करवाते हुए डीएसआर विकल्प का चयन करना होगा।
उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने कहा कि सरकार द्वारा इस खरीफ सीजन में प्रदेश भर में डायरेक्ट सीडेड राइस (डीएसआर) मशीन अनुदान पर उपलब्ध करवाई जाएंगी। इन मशीनों पर किसानों को कीमत का 50 प्रतिशत अथवा अधिकतम 40 हजार रुपये तक का अनुदान दिया जाएगा। मेरा पानी मेरी विरासत योजना के तहत जिन किसानों ने गत वर्ष अपने खेतों में धान की फसल का पंजीकरण करवाया था, वे इस बार धान के स्थान पर मक्का, कपास, खरीफ दलहन फसलें, तिलहन फसलें, चारा फसलें, खरीफ प्याज, बागवानी एवं सब्जियां, एग्रोफोरेस्ट्री अथवा खेत खाली छोड़ने पर सरकार से 8000 रुपये प्रति एकड़ की प्रोत्साहन राशि प्राप्त कर सकते हैं।
उन्होंने कहा कि किसान 15 जून 2026 तक मेरी फसल मेरा ब्यौरा पोर्टल पर पंजीकरण करवाते समय उन किला नंबरों में, जहां गत वर्ष धान की फसल लगाई गई थी, वैकल्पिक फसलों का चयन करने के साथ-साथ मेरा पानी मेरी विरासत विकल्प का चयन अवश्य करें ताकि योजना का लाभ मिल सके। उन्होंने किसानों का आह्वान किया है कि वे समय रहते अपनी फसलों का पंजीकरण करवाएं तथा जल संरक्षण एवं आधुनिक खेती तकनीकों को अपनाकर कृषि को अधिक लाभकारी बनाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *