पानीपत। देशराज कालोनी के राजनगर क्षेत्र में पेयजल संकट बना हुआ है। पर्याप्त पानी की सप्लाई नहीं मिलने से परेशान कालोनीवासियों ने पार्षद से लेकर नगर निगम अधिकारियों तक शिकायत पहुंचाई है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि कई दिनों से नियमित पानी की सप्लाई नहीं हो रही, जिसके कारण घरेलू कार्य प्रभावित हो रहे हैं और लोगों को निजी टैंकरों पर निर्भर होना पड़ रहा है।

कालोनीवासी चंदन देवी, चांदनी, अनीता, पूजा, ममता, प्रियंका, रेखा, सोहनपाल, भगवान सिंह, अनिल, राकेश, रिंकू, जय प्रकाश, नीरज व संजय का कहना है कि पानी की समस्या गंभीर होती जा रही है।

लोगों का आरोप है कि पार्षद समस्या के समाधान को लेकर अपेक्षित सहयोग नहीं कर रही हैं। क्षेत्रवासी लगातार जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन अभी तक स्थायी समाधान नहीं हो पाया है।

जरूरत पड़ी तो खुद के पैसों से लगवाएंगे ट्यूबवेल

इस मुद्दे पर पूर्व पार्षद जय कुमार बिंदल ने कहा कि क्षेत्र की जनता लंबे समय से पानी की किल्लत झेल रही है और यदि जरूरत पड़ी तो वह जनता की परेशानी को देखते हुए अपने निजी खर्च से ट्यूबवेल लगवाने के लिए भी तैयार हैं। उन्होंने कहा कि लोगों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाना जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारी है और पानी जैसी आवश्यक सुविधा को लेकर किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।

नई कालोनी होने के कारण बनी हुई है समस्या

यह कॉलोनी नई है। इसके कई घरों में पर्याप्त दबाव से पानी नहीं पहुंच रहा। कुछ स्थानों पर पाइपलाइन ही नहीं है। कई लोगों का कहना है कि इलाके में बढ़ती आबादी के अनुसार जल आपूर्ति व्यवस्था मजबूत नहीं की। इसके अलावा बिजली कनेक्शन और तकनीकी कारणों से भी नई जल व्यवस्था पूरी तरह शुरू नहीं हो पाई है।
क्षेत्र में नया ट्यूबवेल लगाया जा चुका है। ट्यूबवेल से सप्लाई शुरू करने के लिए पाइपलाइन बिछाने का कार्य जारी है तथा बिजली कनेक्शन के लिए आवेदन भी कर दिया है। जल्द ही आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद क्षेत्रवासियों को पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराया जाएगा। – कोमल सैनी, मेयर, नगर निगम पानीपत।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *