चरखी दादरी। स्पेशल स्टाफ टीम ने बौंद कलां निवासी अध्यापक ललित हत्याकांड में दो आरोपितों को मुठभेड़ के बाद काबू कर लिया। नीमड़ी गांव के खेतों में बने कमरे में छिपे बदमाशों को गिरफ्तार करने के लिए टीम पहुंची तो दोनों बदमाशों ने फायरिंग कर दी। उनकी ओर से पुलिस पर चार फायर किए गए लेकिन गनीमत रही कि टीम सदस्यों को गोली नहीं लगी।

जवाबी कार्रवाई में पुलिस की ओर से भी तीन राउंड फायरिंग की गई। जिनमें से दोनों बदमाशों के पैर में एक-एक गोली लगी। इसके बाद घायल अवस्था में उन्हें काबू कर लिया और बौंदकलां सीएचसी से प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें रोहतक पीजीआइ रेफर किया गया।
डीएसपी कप्तान सिंह ने शुक्रवार शाम प्रेसवार्ता में बताया कि सुबह स्पेशल स्टाफ टीम को सूचना मिली थी कि अध्यापक को गोली मारकर हत्या करने के मामले में मुख्य आरोपित जितेंद्र उर्फ जीतू व अजीत उर्फ बुच्चा खेत में बने कमरे में छिपे हैं। पुलिस टीम ने सुबह करीब चार बजे छापा मारा। पुलिस को देख दोनों आरोपित भागने लगे।

इस दौरान जितेंद्र और अजीत ने पुलिस पर फायर कर दिया। पुलिस की ओर से भी बचाव में की गई फायरिंग में अजीत के पैर जितेंद्र के पैर पर घुटने से नीचे गोली लगी और दोनों वहीं गिर गए। जिन्हें पुलिस ने काबू कर अस्पताल में भर्ती करवाया।

पुलिस ने दोनों आरोपितों से दो पिस्तौल व चार खोल बरामद किए हैं। इस संबंध में उनके खिलाफ बौंद कलां पुलिस थाना में आर्म्स एक्ट सहित दूसरी संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया है। आरोपितों पर ललित की हत्या करने का मामला भी बौंद कलां पुलिस थाना में पहले से दर्ज है। इसके अलावा उसी रात उन्होंने कलानौर में एक व्यक्ति पर फायर कर जानलेवा हमला किया था जिसका मामला रोहतक जिले के कलानौर में दर्ज है।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *