चंडीगढ़। पेयजल आपूर्ति में लापरवाही बरतने के आरोप में दो उपमंडल अधिकारियों (एसडीओ) और दो कनिष्ठ अभियंताओं (जेई) को जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी एवं लोकनिर्माण मंत्री रणबीर गंगवा ने निलंबित कर दियाहै। इनमें चरखी दादरी तथा हांसी के अधिकारी शामिल हैं। इसके अतिरिक्त आदमपुर के दो अधिकारियों को चार्जशीट किया गया है।

विभागीय अधिकारियों के साथ बुधवार को समीक्षा बैठक में मंत्री ने कहा कि जहां कहीं भी पेयजल संकट, जलघर की बदहाली, पाइपलाइन लीकेज या पानी की सप्लाई में बाधा जैसी समस्याएं सामने आएंगी, वहां संबंधित अधिकारी की जवाबदेही तय की जाएगी। सभी अधिकारी फील्ड में रहकर शिकायतों का त्वरित समाधान करें तथा जलापूर्ति व्यवस्था को पूरी क्षमता के साथ संचालित रखें। बिना अनुमति मुख्यालय न छोड़ें। कर्मचारियों की छुट्टियां भी रद करने के निर्देश दिए गए हैं ताकि किसी भी स्थिति में पेयजल आपूर्ति प्रभावित न हो।

हांसी के चानौत गांव में पेयजल समस्या को लेकर चल रहे धरने और अधिकारियों से मिली रिपोर्ट पर संज्ञान लेते हुए मंत्री ने संबंधित एसडीओ और जेई को सस्पेंड करने के निर्देश दिए। जांच में सामने आया कि वहां के जिम्मेवार अधिकारियों द्वारा समस्या के समाधान में अपेक्षित तत्परता नहीं दिखाई गई। हिसार के आदमपुर जलघर की बदहाल स्थिति पर भी मंत्री ने संबंधित एसडीओ और जेई को चार्जशीट कर जवाब तलब करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि यदि किसी ट्यूबवेल, मोटर, पाइपलाइन, बूस्टिंग स्टेशन या जलघर में खराबी आती है तो उस पर तत्काल कार्रवाई की जाए। मरम्मत में देरी के कारण यदि किसी क्षेत्र में पेयजल संकट उत्पन्न होता है तो संबंधित अधिकारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। जिन क्षेत्रों में भूमिगत जल स्तर कम है, वहां विशेष रणनीति बनाकर पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित की जाए ताकि लोगों को टैंकरों या अन्य वैकल्पिक साधनों पर निर्भर न रहना पड़े।

पानी की बर्बादी रोकने के लिए विशेष अभियान

गंगवा ने कहा कि पानी की बर्बादी रोकने के लिए विशेष अभियान चलाया जाए। कर्मचारी घर-घर जाकर सर्वे करें और जहां पानी की बर्बादी होती दिखाई दे, वहां नोटिस जारी किए जाएं। पेयजल की गुणवत्ता की नियमित जांच सुनिश्चित की जाए।

यदि कहीं पानी की गुणवत्ता खराब पाई जाती है तो तुरंत वैकल्पिक व्यवस्था की जाए। बहादुरगढ़ के आदर्श नगर क्षेत्र में ओवरफ्लो की समस्या, चरखी दादरी के विद्यानगर, हनुमान ढाणी और टिब्बा बस्ती में पेयजल संकट तथा गुरुग्राम के मुजैदपुर क्षेत्र में पानी की कमी को लेकर विस्तृत चर्चा हुई।

जनप्रतिनिधियों के फोन नहीं उठाने पर जताई नाराजगी

मंत्री ने कहा कि कुछ जनप्रतिनिधियों की शिकायत है कि विभाग के कुछ अधिकारी उनके फोन नहीं उठाते और समस्याओं पर गंभीरता नहीं दिखाते। इस पर मंत्री ने कड़ी नाराजगी जताते हुए कहा कि अधिकारी जनप्रतिनिधियों के फोन हर हाल में रिसीव करें और जनता की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करें।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *