आईजीपी अम्बाला मण्डल अम्बाला के आदेश पर चलेगा नशे के विरुद्ध विशेष अभियान “मैदान-2”
कार्यालय पुलिस महानिरीक्षक, अम्बाला मण्डल अम्बाला छावनी द्वारा जानकारी देते हुए बतलाया कि कल दिनांक 27 मई 2026 को श्री पंकज नैन, भा.पु.से.पुलिस महानिरीक्षक अम्बाला मण्डल, अम्बाला छावनी की अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से विशेष गोष्ठी का आयोजन किया गया। इस गोष्ठी में अंबाला मंडल के तीनों जिलों अंबाला, यमुनानगर एवं कुरुक्षेत्र के पुलिस अधीक्षक, सभी एएनसी प्रभारी व सभी नशा मुक्त टीमो के प्रभारियो ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से भाग लिया।
पुलिस महानिरीक्षक द्वारा बैठक के दौरान अम्बाला मण्डल में नशारूपी बुराई को समाप्त करने तथा नशा तस्करों एवं नशा बेचने वाले अपराधियों के विरुद्ध ठोस एवं प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सभी जिलों में दिनांक 28 मई 2026 से एक माह का विशेष अभियान “MAIDAN-II” चलाने का निर्णय लिया गया। अभियान को सफल बनाने हेतु निम्नलिखित कार्यवाहियों को प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित करने बारे तीनों जिलों के पुलिस अधीक्षकों को आवश्यक निर्देश भी दिए गए।
- सभी चिन्हित‘हॉटस्पॉट’ (नशे के गढ़) क्षेत्रों में चैकिंग की जाए ।
- चिन्हित हॉटस्पॉट क्षेत्रों में पर्याप्त संख्या में उच्च गुणवत्ता वालेCCTV कैमरे स्थापित किए जाएं तथा उनकी नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए।
- अपराध नियंत्रण एवं अपराधियों की धरपकड़ हेतु लगाए गए स्थायी नाकों का पुनर्मूल्यांकन कर आवश्यकतानुसार कुछ नाकों को चिन्हित हॉटस्पॉट क्षेत्रों में स्थानांतरित किया जाए।
- हॉटस्पॉट क्षेत्रों से अधिकतम संख्या में‘पुलिस मित्र’ बनाए जाएं तथा उनके माध्यम से नशा बेचने वालों एवं संदिग्ध गतिविधियों के संबंध में अधिक से अधिक सूचनाएं एकत्रित की जाएं।
- ‘नशामुक्त टीमों’को निर्देशित किया जाए कि अत्यधिक नशे के आदी तथा जिनकी नशे की वजह से जान जा सकती है,ऐसे व्यक्तियों की प्राथमिकता के आधार पर पहचान कर एक सप्ताह के भीतर उन्हें उपचार हेतु नशामुक्ति केंद्रों में भर्ती करवाया जाए।
- सभी दवा विक्रेताओं (केमिस्टों) की दुकानो पर लगेCCTV कैमरों की जांच की जाए। जिन दवा विक्रेताओं की गतिविधियां संदिग्ध पाई जाएं, उनके विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्यवाही की जाए।
- पार्कों एवं अन्य संदिग्ध स्थानों पर नशा करने अथवा नशा बेचने वाले संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान हेतु ड्रोन कैमरों का उपयोग करते हुए निगरानी एवं फोटोग्राफी की जाए,जिससे ऐसे व्यक्तियों में भय बना रहे ।
- नशा तस्करी से संबंधित वे अपराधी जो वर्तमान में पैरोल पर बाहर हैं,उनकी नियमित जांच की जाए, उनके मोबाइल फोन चैक किए जाएं तथा उनकी गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखी जाए।
- पिछले पांच वर्षों मेंNDPS एक्ट के तहत गिरफ्तार अपराधियों की वर्तमान गतिविधियों का गहन सत्यापन किया जाए तथा किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि पाए जाने पर उनके विरुद्ध कठोर कानूनी कार्यवाही सुनिश्चित की जाए।
- नशीले पदार्थों की तस्करी से अर्जित संपत्तियों की पहचान कर उन्हें कुर्क/ध्वस्त करने की कार्यवाही प्राथमिकता के आधार पर प्रारंभ की जाए। अभियान अवधि के दौरान अधिक से अधिक नशा तस्करों की अवैध संपत्तियों के विरुद्ध कार्यवाही सुनिश्चित की जाए।
अभियान के प्रभावी एवं क्रियान्वयन हेतु व्यक्तिगत रूप से निगरानी की जाएगी, ताकि जिले में नशा तस्करी एवं नशे की प्रवृत्ति पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सके । इसके अतिरिक्त श्री पंकज नैन भा.पु.से. पुलिस महानिरीक्षक अम्बाला मण्डल अम्बाला छावनी द्वारा आम जनता से भी अपील की, कि नशा मुक्त अभियान को सफल बनाने तथा अपराध एवं अपराधियों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस का हर संभव सहयोग करें।
