अंबाला। थाना पड़ाव पुलिस ने लगातार दूसरे दिन नशा तस्करों पर प्रहार करते हुए सोमवार को ढाई करोड़ की हेरोइन के साथ चार तस्करों को काबू किया है। इनके कब्जे से 389.10 ग्राम हेरोइन बरामद हुई है। यह सभी कार में नशा लेकर आए थे और आगे सप्लाई करने की फिराक में थे। पुलिस ने ऐन वक्त पर नशा तस्करों को पकड़ लिया।
पुलिस को सूचना मिली थी कि समीर सोनकर उर्फ भंडारा निवासी तेली मंडी अंबाला कैंट, मुकेश उर्फ मुक्की निवासी कच्चा बाजार चिडीमार मुहल्ला अंबाला कैंट, आर्यन निवासी कच्चा बाजार चिड़ीमार मुहल्ला अंबाला कैंट, धीरज चानना निवासी कच्चा बाजार हेरोइन तस्करी का धंधा करते हैं। यह चारों भारी मात्रा में हेरोइन लेकर आए हैं और कार में सवार होकर शाहाबाद से अंबाला आए हैं।
कुष्ठ आश्रम के पास यह सभी हैं। पुलिस ने नाकाबंदी कर दी और कुष्ठ आश्रम के पास कार से चार लोगों को पकड़ा। जब इनकी तलाशी ली, तो इनके पास से भारी मात्रा में हेरोइन बरामद हुई। समीर सोनकर उर्फ भंडारा के पास से 270 ग्राम हेरोइन बरामद हुई है।
इसी तरह मुकेश उर्फ मुक्की के पास से 40 ग्राम हेरोइन मिली। आर्यन के पास से 39.10 ग्राम हेरोइन मिली, जबकि धीरज चानना के पास से 40 ग्राम हेरोइन बरामद हुई है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में कुल बरामद नशे की कीमत करीब ढाई करोड़ रुपये है। पुलिस इस मामले में आगामी कार्रवाई कर रही है।
