अंबाला शहर। सेना भर्ती के नाम पर युवकों से लाखों रुपये ठगने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप हैं कि खुद को सेना का बड़ा अधिकारी बताने वाले एक युवक ने अपने साथी के साथ मिलकर चार युवकों से 16 लाख रुपये ऐंठ लिए।
आरोपितों ने नकली एडमिट कार्ड, मेडिकल क्लियरेंस, ज्वाइंनिंग लेटर, कैंटीन कार्ड, शराब कार्ड और यहां तक कि माता-पिता के डिपेंडेंट कार्ड तक भेज दिए, ताकि किसी को शक न हो।
मामला तब खुला जब युवकों को 12 मई 2026 को चंडीमंदिर में ज्वाइंनिंग के लिए बुलाया गया और सेना मुख्यालय पहुंचने पर पता चला कि ऐसी कोई भर्ती हुई ही नहीं। पीड़ितों ने पुलिस से शिकायत की। बलदेव नगर थाना पुलिस ने आर्थिक अपराध शाखा की जांच के बाद केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
