पिहोवा, 24 मई।    उपमंडल अधिकारी नागरिक अनिल कुमार दून ने कहा कि समाधान शिविरों के माध्यम से प्राप्त होने वाली सभी शिकायतों को अधिकारी गंभीरता से लें। समाधान शिविर में प्राप्त शिकायतों का निपटारा प्राथमिकता के आधार पर किया जाए ताकि लोगों को बार-बार दफ्तरों के चक्कर न लगाने पड़ें। इसके साथ-साथ जो भी शिकायतें प्राप्त होती हैं, उन्हें पोर्टल पर अपलोड करें । इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतें।
एसडीएम अनिल कुमार दून सोमवार को एसडीएम कार्यालय में समाधान शिविर के दौरान लोगों की समस्याओं को सुन रहे थे। इससे पहले एसडीएम अनिल कुमार दून ने समाधान शिविर में विभिन्न विभागों से सम्बन्धित 35 शिकायतों को सुना और जिनमें से अधिकतर शिकायतों का मौके पर ही समाधान किया तथा शेष शिकायतों के समाधान के लिए सम्बन्धित विभागों के अधिकारियों को समाधान के लिए दिशा निर्देश दिए है।
एसडीएम ने कहा कि प्रदेश सरकार के निर्देशानुसार हर सोमवार और वीरवार कार्य दिवस को सुबह 10 बजे से 12 बजे तक जिला और उपमंडल स्तर पर समाधान शिविर आयोजित किए जा रहे है। उन्होंने कहा कि फैमिली आईडी और पेंशन से संबंधित जो शिकायतें आ रही है, उनका तय समय सीमा के अंदर समाधान करें तथा शिकायतकर्ता का मोबाइल नंबर जरुर लें ताकि उससे संपर्क किया जा सके। इसके अलावा आमजन को पोर्टल से संबंधित जानकारी भी दे।
उन्होंने कहा कि समाधान शिविर जनसेवा का सशक्त माध्यम है। इसका मुख्य उद्देश्य सरकारी सेवाओं से जुड़ी बाधाओं को दूर करना और जनता की शिकायतों का मौके पर ही निपटान करना है। इन शिविरों को लगाने का उद्देश्य है कि आम व्यक्ति की समस्याओं का समाधान एक ही छत के नीचे किया जाए, क्योंकि सभी अधिकारी एक साथ उपस्थित रहते है और समस्या का समाधान पल भर में हो जाता है। इस मौके पर उपमंडल पिहोवा के संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *