भाजपा का उद्देश्य राष्ट्र चेतना को जागृत करना और समाज के हर वर्ग को राष्ट्र निर्माण से जोड़ना है: मोहन लाल बड़ौली

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बड़ौली ने अंबाला में जिला प्रशिक्षण वर्ग के दौरान दीप प्रज्जवलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया

अंबाला, 24 मई। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली ने अंबाला में पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान के तहत आयोजित जिला प्रशिक्षण वर्ग के दूसरे दिन सत्र का शुभारंभ दीप प्रज्वलित करके किया। कार्यक्रम में भाजपा कार्यकर्ताओं को पार्टी के इतिहास, विकास और वैचारिक मूल्यों से अवगत कराया गया। इस दौरान वरिष्ठ नेताओं और वक्ताओं ने राष्ट्र के समक्ष चुनौतियाँ, चुनाव प्रबंधन, वैचारिक अधिष्ठान, केंद्र सरकार की गरीब कल्याण योजनाएँ, सोशल मीडिया और आईटी मीडिया की भूमिका जैसे विषयों पर कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन किया।
प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली ने भाजपा के इतिहास और विकास विषय पर बोलते हुए कहा कि भाजपा परिवारवाद नहीं, बल्कि विचारवाद के आधार पर चलने वाली पार्टी है। उन्होंने कहा कि भाजपा का उद्देश्य केवल सत्ता प्राप्त करना नहीं, बल्कि राष्ट्र चेतना को जागृत करना और समाज के हर वर्ग को राष्ट्र निर्माण से जोड़ना है। उन्होंने कहा कि अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक मोदी और नायब सैनी सरकार की योजनाओं का लाभ पहुँचाना भाजपा कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है।
मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि जिस प्रकार व्यक्ति अपने परिवार की पहचान जानता है, उसी प्रकार प्रत्येक कार्यकर्ता को अपने दल के इतिहास की जानकारी होना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनसंघ से शुरू हुई यात्रा आज भारतीय जनता पार्टी को विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक संस्था के रूप में स्थापित कर चुकी है। संघर्ष, समर्पण और विचारधारा की शक्ति के बल पर भाजपा ने राष्ट्रहित को सर्वाेपरि रखते हुए जनसेवा का मार्ग प्रशस्त किया है।
उन्होंने कहा कि आजादी के बाद कांग्रेस ने तुष्टिकरण की राजनीति अपनाई, जिसके कारण देश लंबे समय तक गरीबी और भ्रष्टाचार से जूझता रहा। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की स्थापना राष्ट्र को एक सूत्र में पिरोने के उद्देश्य से हुई और बाद में देशहित में राजनीतिक विकल्प देने के लिए जनसंघ का गठन किया गया।
श्री बड़ौली ने कहा कि 6 अप्रैल 1980 में भारतीय जनता पार्टी की स्थापना हुई और दो सांसदों वाली पार्टी आज 300 से अधिक सांसदों वाली सबसे बड़ी राजनीतिक शक्ति बन चुकी है। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि जनसंघ के समय से ही “एक विधान, एक निशान और एक प्रधान” की मांग उठाई गई थी तथा डा. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने कश्मीर में धारा 370 का लगातार विरोध किया और उन्होंने शहादत दी।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा सरकार ने प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में धारा 370 को समाप्त कर देश को एकता के सूत्र में मजबूत किया। साथ ही अयोध्या में भगवान राम के भव्य मंदिर निर्माण और तीन तलाक समाप्त करने जैसे ऐतिहासिक निर्णय भी लिए गए।
मोहन लाल बड़ौली ने श्यामा प्रसाद मुखर्जी और दीनदयाल उपाध्याय के योगदान को याद करते हुए कहा कि दोनों महान नेताओं ने राष्ट्रवाद और एकात्म मानववाद की विचारधारा को मजबूत करने का कार्य किया। बड़ौली ने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता इस गौरवशाली इतिहास का वाहक है और राष्ट्रहित में समर्पित भाव से कार्य करना ही पार्टी की सबसे बड़ी ताकत है।

बॉक्स

कार्यकर्ता ही संगठन की असली ताकत: ओम प्रकाश धनखड़
कार्यक्रम के दौरान भाजपा के राष्ट्रीय सचिव ओम प्रकाश धनखड़ ने वैचारिक अधिष्ठान विषय पर विस्तारपूर्वक चर्चा की। उन्होंने कहा कि भाजपा केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि राष्ट्रवादी विचारधारा पर आधारित संगठन है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से पार्टी की मूल विचारधारा, संगठनात्मक अनुशासन और समाज सेवा की भावना को आत्मसात करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता ही संगठन की असली ताकत होते हैं और उनकी सक्रियता से ही पार्टी मजबूत होती है।

भाजपा सरकार में लोगों का जीवन सरल हुआ है: गंगवा

मंत्री रणबीर गंगवा ने केंद्र सरकार की गरीब कल्याण योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा गरीब, किसान, महिला और युवाओं के हित में अनेक योजनाएं चलाई जा रही हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आग्रह किया कि वे इन योजनाओं की जानकारी अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाएं ताकि अधिक से अधिक लोग लाभान्वित हो सकें। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में गरीब आदमी को मुफ्त इलाज, राशन और आवास जैसी सुविधाएं मिल रही हैं। उन्होंने आयुष्मान और चिरायु योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि अब गरीब लोगों को इलाज की चिंता नहीं है।
उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले किसानों को मुआवजे के नाम पर दो-दो और पांच-पांच रुपये के चेक दिए जाते थे, जिससे किसानों का मजाक बनाया जाता था। अब प्रधानमंत्री मोदी द्वारा सीधे किसानों के खातों में सहायता राशि भेजी जा रही है। मोदी सरकार ने गरीबों को पक्का मकान देने काम किया। उज्जवला योजना के तहत महिलाओं को धूंआ से मुक्ति मिली। हर घर नल से जल पहुंच रहा है। श्री गंगवा ने कहा कि भाजपा सरकार में लोगों का जीवन सरल हुआ है।

प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश मजबूती के साथ आगे बढ़ रहा है: कंवरपाल गुर्जर

प्रशिक्षण वर्ग में पूर्व मंत्री कंवरपाल गुर्जर ने राष्ट्र के समक्ष चुनौतियों विषय पर कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि देश आज सामाजिक, सांस्कृतिक और वैचारिक चुनौतियों का सामना कर रहा है। ऐसे समय में कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी बढ़ जाती है कि वे समाज में जागरूकता फैलाएं और राष्ट्रहित को सर्वाेपरि रखते हुए कार्य करें। उन्होंने युवाओं को राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश मजबूती के साथ आगे बढ़ रहा है और भाजपा कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है कि वे समाज में सकारात्मक वातावरण तैयार करें।

अरविंद यादव ने चुनाव प्रबंधन विषय पर कार्यकर्ताओं को संगठनात्मक रणनीतियों की जानकारी दी। उन्होंने बूथ स्तर तक मजबूत संगठन खड़ा करने, मतदाताओं से निरंतर संपर्क बनाए रखने और चुनाव के दौरान समन्वय के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता यदि अपनी जिम्मेदारी को पूरी निष्ठा से निभाए तो चुनाव में बेहतर परिणाम प्राप्त किए जा सकते हैं।

सोशल मीडिया सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का प्रभावी माध्यम है: डा. संजय शर्मा

डॉक्टर संजय शर्मा ने सोशल मीडिया और आईटी मीडिया विषय पर कार्यकर्ताओं के साथ विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में डिजिटल प्लेटफॉर्म जनसंपर्क और सूचना प्रसार का सबसे प्रभावी माध्यम बन चुका है। उन्होंने कार्यकर्ताओं को सोशल मीडिया के सकारात्मक और जिम्मेदार उपयोग के लिए प्रेरित करते हुए संगठन की नीतियों और उपलब्धियों को डिजिटल माध्यमों से लोगों तक पहुंचाने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष मनदीप राणा, जिला प्रभारी व हरियाणा सरकार में चेयरमैन धर्मवीर मिर्जापुर, पूर्व मंत्री असीम गोयल, मेयर अम्बाला अक्षिता सैनी, पूर्व विधायक डॉ.पवन सैनी, अरुण भान, डॉ. संजय शर्मा, पूर्व जिला अध्यक्ष जगमोहन लाल कुमार, पूर्व जिला अध्यक्ष राजेश बतोरा, जिला महामंत्री विवेक गुप्ता व कर्मचंद, गोलडी सैनी सहित भाजपा नेता व पदाधिकारी मौजूद रहे।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *