करनाल। कर्ण विहार में मारपीट की सूचना पर पहुंची पुलिस टीम पर ही हमला हो गया। आरोप है कि पुलिस कर्मियों के साथ हाथापाई की गई। वर्दी फाड़ दी गई और एक कर्मचारी को कमरे में बंद कर हमला किया गया। हमले में घायल पुलिसकर्मी का अस्पताल में उपचार चल रहा है।
घटना वीरवार देर रात की है।
ईएएसआइ संजय कुमार, ईएचसी दिलबाग और एसपीओ प्रवीन कुमार ईआरवी-434 पर ड्यूटी पर थे। रात करीब डेढ़ बजे कर्ण विहार गली नंबर-20बी से मारपीट की सूचना मिली। काल मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। शिकायतकर्ता मनक सिंह ने पुलिस को बताया कि पड़ोसी ओमकार और कुछ युवक उसके घर में घुस आए थे।
पुलिस टीम के साथ बहस शुरू कर दी
आरोप है कि उन्होंने उसकी मां के साथ मारपीट की और घर में तोड़फोड़ की। इसी शिकायत को लेकर वह ओमकार के घर के बाहर पहुंचा और बात करने के लिए आवाज लगाई। बताया गया कि ओमकार ने उसे अंदर बुला लिया। इसी दौरान वहां मौजूद एक युवक ने पुलिस टीम के साथ बहस शुरू कर दी। देखते ही देखते मामला हाथापाई तक पहुंच गया।
आरोप है कि युवक ने पुलिसकर्मियों के साथ गाली-गलौज की, वर्दी फाड़ दी और डंडे से सरकारी गाड़ी के शीशे तोड़ दिए। शिकायत के अनुसार आरोपित ने पास में रखी तलवार उठाकर हमला करने की कोशिश भी की। बचाव के दौरान वार पुलिस कर्मचारी की छाती के पास लगा।
अतिरिक्त पुलिस बल ने बंधक बनाए गए कर्मचारी को बाहर निकाला
शोर सुनकर ईएचसी दिलबाग मौके पर पहुंचे और स्थिति संभालने का प्रयास किया। इसी बीच आरोप है कि ओमकार के परिवार के लोगों ने दिलबाग को पकड़कर कमरे में बंद कर दिया। सूचना मिलते ही अन्य ईआरवी और थाना सेक्टर-32/33 की पुलिस मौके पर पहुंची। अतिरिक्त पुलिस बल ने बंधक बनाए गए कर्मचारी को बाहर निकाला।
दिलबाग ने आरोप लगाया कि आरोपितों ने उसका मोबाइल छीन लिया और फिर तेजधार सुएनुमा हथियार से उसकी कमर के ऊपर कई वार किए। पुलिस गाड़ियों के पहुंचते ही आरोपित मौके से फरार हो गए। घायल पुलिस कर्मियों को तुरंत सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया।
पुलिसकर्मी का चल रहा इलाज
दिलबाग की हालत गंभीर बताई जा रही है और उनका उपचार जारी है। पुलिस थाना सेक्टर-32/33 के एसएचओ सतीश कुमार ने बताया कि शिकायत के आधार पर ओमकार, उसकी मां और एक अज्ञात युवक के खिलाफ विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया गया है। आरोपितों पर सरकारी काम में बाधा डालने, पुलिस कर्मचारी को बंधक बनाने, जानलेवा हमला करने और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के आरोप लगाए गए हैं। पुलिस ने ओमकार को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।
