सोनिका वधवा
कुरुक्षेत्र। धर्मनगरी कुरुक्षेत्र के बाबैन की वीआईपी कॉलोनी में इन दिनों बाबा खाटू श्याम जी के मंदिर निर्माण का कार्य तेजी से चल रहा है। यह निर्माण कार्य श्री श्याम दरबार मन्दिर कमेटी बाबैन और क्षेत्र के श्रद्धालुओं के सहयोग से किया जा रहा है। मंदिर का काफी काम पूरा हो चुका है, लेकिन अब मंदिर की छत डालने का कार्य आर्थिक सहयोग की कमी के कारण रुक गया है।
मंदिर निर्माण से जुड़े सदस्यों का कहना है कि यह मंदिर इलाके के श्रद्धालुओं की आस्था का बड़ा केंद्र बनने जा रहा है। दूर-दूर से श्याम भक्त यहां पहुंचकर सेवा और सहयोग कर रहे हैं, लेकिन अब निर्माण कार्य को पूरा करने के लिए अतिरिक्त सहायता की जरूरत है।
इसी को लेकर श्री श्याम दरबार मन्दिर कमेटी बाबैन और तमाम श्याम प्रेमियों ने बाबैन ग्राम पंचायत व हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से सहयोग की अपील की है। श्रद्धालुओं का कहना है कि अगर सरकार और समाज का सहयोग मिल जाए तो मंदिर का निर्माण कार्य जल्द ही पूर्ण हो सकता है।
मंदिर कमेटी और निर्माण कार्य में सहयोग करने वालों में मोहन लाल, गुलाब सिंह, जितेंद्र कुमार, रामेश्वर दास, हिमांशु गोयल, अरुण, दीपक कुमार, राकेश कुमार और संदीप कुमार सहित कई श्याम भक्त लगातार सेवा में जुटे हुए हैं।
स्थानीय लोगों ने कहा कि बाबा खाटू श्याम जी के प्रति लोगों की गहरी आस्था है और यह मंदिर बनने के बाद क्षेत्र में धार्मिक और सामाजिक गतिविधियों का बड़ा केंद्र बनेगा। अब देखना होगा कि श्याम भक्तों की इस अपील पर प्रशासन और सरकार की ओर से क्या कदम उठाए जाते हैं।
