कुरुक्षेत्र, 22 मई। उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा भूजल संरक्षण और किसानों की आय बढ़ाने के उद्देश्य से खरीफ 2026 में धान की सीधी बिजाई योजना को जिला कुरुक्षेत्र में लागू किया गया है। इस योजना का लाभ लेने के लिए मेरी फसल मेरा ब्योरा पोर्टल पर पंजीकरण करना अनिवार्य है। इसके लिए 15 जून तक ऑनलाइन आवेदन करना होगा। धान की सीधी बिजाई करने वाले किसानों को भौतिक सत्यापन के बाद 4500 रुपए प्रति एकड़ का अनुदान दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि कृषि एवं किसान कल्याण विभाग की तरफ से किसानों के लिए धान की सीधी बिजाई योजना को लागू किया है। इस योजना के तहत धान की सीधी बिजाई करने वाले किसानों को सरकार की ओर से प्रति एकड़ वित्तीय प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएगी। यह तकनीक पानी की बचत, लागत में कमी और मजदूरों की समस्या के समाधान में सहायक है। उन्होंने कहा कि इस योजना का लाभ लेने के लिए किसानों को मेरी फसल मेरा ब्योरा पोर्टल पर अपना पंजीकरण करवाना अनिवार्य है। सरकार ने पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन करने की अंतिम तिथि 15 जून 2026 निर्धारित की गई है।
उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने कहा कि कृषि विभाग के अधिकारियों द्वारा खेत का भौतिक सत्यापन किया जाएगा। सत्यापन के बाद ही प्रोत्साहन राशि सीधे किसान के बैंक खाते में भेजी जाएगी। धान की सीधी बिजाई से लगभग 25-30 प्रतिशत पानी की बचत होती है और लागत भी कम आती है। उपायुक्त ने जिले के सभी किसानों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में इस योजना का लाभ उठाएं। किसान अधिक जानकारी के लिए अपने नजदीकी कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के जिला कार्यालय, खंड कृषि अधिकारी कार्यालय में संपर्क कर सकते हैं।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *