कुरुक्षेत्र, 20 मई : अखिल भारतीय श्री मारकंडेश्वर जनसेवा ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत जगन्नाथ पुरी एवं महंत श्री बंसी पुरी ने बुधवार को ज्येष्ठ अधिक मास (पुरुषोत्तम मास) की गणेश चतुर्थी पर सर्वकल्याण की भावना से श्रद्धालुओं के साथ मंत्रोच्चारण के बीच पूजन किया। पूजन के उपरांत महंत श्री बंसी पुरी एवं महंत जगन्नाथ पुरी ने श्रद्धालुओं एवं यजमान परिवार को बताया कि ज्येष्ठ अधिक मास (पुरुषोत्तम मास) की गणेश चतुर्थी को वरदा चतुर्थी एवं विनायक चतुर्थी भी कहा जाता है। इस दिन भगवान गणेश की पूजा-अर्चना करने से सभी बाधाएं दूर होती हैं और मनोवांछित फल की प्राप्ति होती है। अधिक मास होने के कारण गणेश अथर्वशीर्ष का पाठ करना भी बेहद शुभ माना जाता है। यह मास भगवान विष्णु और उनके सभी स्वरूपों की उपासना के लिए समर्पित होता है। इसलिए इस समय में गणेश जी की आराधना से सुख-समृद्धि और धन-धान्य में वृद्धि होती है। इस अवसर पर स्वामी रामनाथ पुरी, स्वामी संतोषानंद, बिल्लू पुजारी, रविंद्र सैनी, भगवान सिंह, दीपक शर्मा इत्यादि भी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *