सैदपुरा गांव में अरुण और उनके साथियों द्वारा आयोजित तीन दिवसीय क्रिकेट टूर्नामेंट का उत्साह और जोश के साथ समापन हुआ। इस प्रतियोगिता में क्षेत्र की 32 टीमों ने भाग लेकर खेल प्रतिभा और भाईचारे का शानदार परिचय दिया। टूर्नामेंट में मुनक की टीम विजेता रही, जबकि छपरी की टीम उपविजेता और सैदपुरा की टीम तीसरे स्थान पर रही।
इस अवसर पर जिला कांग्रेस कमेटी (शहरी) करनाल के उपप्रधान तरुण चौहान ने खिलाड़ियों को सम्मानित करते हुए कहा कि आज के दौर में खेल युवाओं के भविष्य को बचाने का सबसे बड़ा माध्यम बन चुके हैं। उन्होंने कहा कि जिस युवा के हाथ में बल्ला, खेल और मेहनत होती है, वह कभी नशे, अपराध और गलत रास्तों की ओर नहीं जाता।
तरुण चौहान ने भावुक शब्दों में कहा कि आज समाज का सबसे बड़ा दर्द यह है कि कई युवा नशे और गलत संगत की वजह से अपना भविष्य बर्बाद कर रहे हैं। ऐसे समय में गांवों और शहरों में होने वाले खेल आयोजन युवाओं के जीवन में नई उम्मीद और नई दिशा लेकर आते हैं। खेल केवल जीत और हार का नाम नहीं, बल्कि अनुशासन, संघर्ष, भाईचारे और आत्मविश्वास की सीख भी देते हैं।
उन्होंने कहा कि गांव सैदपुरा में अरुण और उनके साथियों ने जिस मेहनत और समर्पण के साथ इस टूर्नामेंट का आयोजन किया है, वह वास्तव में सराहनीय है। ऐसे आयोजन समाज में सकारात्मक माहौल पैदा करते हैं और युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच प्रदान करते हैं।
तरुण चौहान ने कहा कि जब कोई युवा मैदान में दौड़ता है तो उसके माता-पिता की उम्मीदें भी उसके साथ दौड़ती हैं। खेल मैदानों में पसीना बहाने वाले युवा ही आने वाले समय में देश और समाज का नाम रोशन करते हैं। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे मोबाइल और नशे से दूर रहकर खेलों और शिक्षा को अपनी जिंदगी का हिस्सा बनाएं।
तीन दिनों तक चले इस क्रिकेट टूर्नामेंट में आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में खेल प्रेमी पहुंचे और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। अंत में विजेता एवं उपविजेता टीमों को सम्मानित किया गया तथा सभी खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *