करनाल 19 मई
करनाल में नव नियुक्त आईजी अशोक चौहान का क्षत्रिय राजा रोड समाज संस्था की ओर से उनके कार्यालय पहुंचकर सम्मान किया गया। संस्था पदाधिकारियों ने पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर उनका स्वागत किया तथा करनाल में नई जिम्मेदारी संभालने पर शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर संस्था सदस्यों ने आशा व्यक्त की कि उनके नेतृत्व में जिले में कानून व्यवस्था और अधिक मजबूत होगी तथा आमजन को बेहतर सुरक्षा वातावरण मिलेगा।
संस्था के राष्ट्रीय अध्यक्ष रणबीर लाठर ने कहा कि श्री अशोक चौहान एक अनुभवी एवं कर्मठ अधिकारी हैं। उनके करनाल आगमन से जिले में पुलिस प्रशासन को नई ऊर्जा मिलेगी। उन्होंने कहा कि समाज और पुलिस के बीच बेहतर समन्वय से ही अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सकता है। संस्था हमेशा सामाजिक सरोकारों और जनहित कार्यों में प्रशासन के साथ खड़ी रही है और आगे भी सहयोग जारी रहेगा।
महिला राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रिंसिपल निर्मल दहिया ने कहा कि समाज में शांति, सुरक्षा और महिलाओं के सम्मान की भावना को मजबूत करने में पुलिस प्रशासन की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उन्होंने विश्वास जताया कि आईजी अशोक चौहान के नेतृत्व में महिलाओं की सुरक्षा और सामाजिक सौहार्द को और मजबूती मिलेगी।
आईजी अशोक चौहान ने संस्था पदाधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पुलिस प्रशासन जनता के सहयोग से ही बेहतर कार्य कर सकता है। उन्होंने कहा कि लोगों की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा तथा अपराध और नशे के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने समाज के सभी वर्गों से कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील भी की।
इस मौके पर संस्था के उपाध्यक्ष विकास कल्याण, सचिव राजेश लाठर, सदस्य मनजीत, मोहन टामक, परमिंदर रोडवंशी, पिरथी बोदला, बलजीत सरपंच, राजेश चोपड़ा, रिंकू चौधरी, शीश पाल लाठर, विशाल सहित अनेक गणमान्य सदस्य मौजूद रहे।
