चरखी दादरी। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की 10वीं और 12वीं कक्षा के परीक्षा परिणामों में जिले द्वारा पूरे प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त करने पर चरखी दादरी के विधायक सुनील सांगवान ने जिले के विद्यार्थियों, शिक्षकों और अभिभावकों को बधाई दी है। उन्होंने कहा कि पहले 12वीं और अब 10वीं के परिणामों में भी पूरे प्रदेश में नंबर-1 बनना जिले के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि है।
विधायक सुनील सांगवान ने कहा कि यह सफलता विद्यार्थियों की कड़ी मेहनत, शिक्षकों के समर्पण और अभिभावकों के सहयोग का परिणाम है। चरखी दादरी लगातार शिक्षा के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को छू रहा है और अब प्रदेशभर में शिक्षा के मॉडल जिले के रूप में पहचान बना रहा है।
विद्यार्थियों ने प्रतिभा का दिया परिचय
जिले के बिगोवा स्कूल की छात्रा रौनक ने पूरे हरियाणा में दूसरा स्थान हासिल कर जिले का नाम रोशन किया है। इसके अलावा बोर्ड की मेरिट लिस्ट में भी जिले के कई विद्यार्थियों ने स्थान प्राप्त कर जिले की प्रतिभा का परिचय दिया है।
ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों की यह उपलब्धि साबित करती है कि मेहनत और सही मार्गदर्शन के दम पर कोई भी मुकाम हासिल किया जा सकता है।
जिले का प्रथम स्थान पर रहना ऐतिहासिक सफलता
जिला सचिव कृष्ण सिंह शास्त्री ने इस सफलता पर हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि प्रदेश का कुल परिणाम 89.6 प्रतिशत रहा है, जिसमें चरखी दादरी का 96.01 शीर्ष पर रहना गर्व व हर्ष का विषय है। उन्होंने कहा कि 12वीं और 10वीं दोनों कक्षाओं के परीक्षा परिणाम में जिले का प्रथम स्थान पर रहना ऐतिहासिक सफलता है।
