चरखी दादरी। क्रेडिट कार्ड की लिमिट बढ़ाने का झांसा देकर शहर के वार्ड-13 निवासी एक व्यक्ति को साइबर ठगों ने 1.99 लाख रुपये की चपत लगा दी। पीड़ित की शिकायत पर साइबर थाना पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
खास बात यह है कि साइबर ठगी करने वाले युवती ने आइसीआइसीआइ बैंक की कर्मचारी बनकर वारदात की और उसने पीड़ित के मोबाइल पर एक लिंक भेजा, जिस पर क्लिक करते हुए हूबहू बैंक की वेबासाइट खुल गई।
पुलिस को दी शिकायत में वार्ड-13 निवासी विपुल ने बताया कि वो प्राइवेट काम करता है। 11 मई को अनजान नंबर से उसके पास एक काल आई। काल करने वाली युवती ने खुद को आइसीआइसीआइ बैंक की कर्मचारी बताया और क्रेडिट कार्ड की लिमिट बढ़ाने का झांसा दिया। जब विपुल ने उसे बैंक कर्मचारी मानने से इंकार किया तो उसने वाट्सएप पर अपना पहचान पत्र भेज दिया, जिससे विपुल को लगा कि वो बैंक कर्मी है।
शिकायतकर्ता के अनुसार, इसके बाद उक्त युवती ने एक लिंक भेजा और उस पर क्लिक करते ही वेबसाइट खुल गई। इससे उसे यकीन हो गया कि उक्त युवती बैंक की कर्मचारी है। इसके बाद उसके मोबाइल पर एक एप डाउनलोड कराई गई।
एप डाउनलोड करने के बाद विपुल ने उक्त महिला की ओर से दिए गए निर्देश मानते हुए अपनी सभी जानकारी उसमें भर दी। इसके तुरंत बाद उसका फोन हैंग हो गया और उसके खाते से 1.99 लाख रुपये कटने का मैसेज आ गया।
विपुल ने बताया कि मैसेज आते ही वो तुरंत आइसीआइसीआइ बैंक पहुंचा और घटनाक्रम बैंक कर्मियों से सांझा किया। बैंक कर्मियों ने उसे बताया कि आपके खाते से रुपये कटे है और आप साइबर ठगी की शिकार बने हो। इसके तुरंत बाद पीड़ित ने 1930 पर काल भी की। अब पुलिस ने उसकी शिकायत पर केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
