करनाल। महापौर रेणु बाला गुप्ता एवं भाजपा के पूर्व कार्यकारी जिलाध्यक्ष बृज गुप्ता को गहरा पारिवारिक आघात लगा है। उनकी ज्येष्ठ भाभी एवं श्रवण गुप्ता की धर्मपत्नी श्रीमती उषा गुप्ता का मंगलवार प्रातः स्वर्गवास हो गया। वह कुछ समय से अस्वस्थ थीं। श्रीमती उषा गुप्ता के निधन की सूचना मिलते ही शहर और आसपास के क्षेत्रों में शोक की लहर दौड़ गई।
वहीं, श्रीमती उषा गुप्ता के निधन का समाचार पाकर शहर के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक, राजनीतिक कार्यकर्ता और आम जन चौधरी कॉलोनी स्थित उनके निवास स्थान पर पहुंचे और स्वर्गीय उषा गुप्ता के अंतिम दर्शन किए। शोक संतृप्त परिवार को ढांढस बंधाने के लिए राजनीति, प्रशासन, सामाजिक संगठनों और व्यापारिक जगत से जुड़े लोगों का तांता लगा रहा। इस दुख की घड़ी में उपस्थित सभी लोगों ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं।
नम आंखों से अंतिम विदाई
स्वर्गीय उषा गुप्ता की अंतिम यात्रा उनके निवास स्थान चौधरी कॉलोनी से गरिमामय ढंग से शुरू हुई। अंतिम यात्रा शहर के मुख्य मार्गों से होते हुए श्री सेवक सभा जुंडला गेट स्थित शिवपुरी पहुंचे, जहां धार्मिक रीति-रिवाजों के साथ उनकी पार्थिव देह का अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान माहौल अत्यंत भावुक रहा और उपस्थित जनसमूह ने नम आंखों से उन्हें अंतिम विदाई दी।
देश-प्रदेश से व्यक्त किया शोक
महापौर रेणु बाला गुप्ता के परिवार में हुई इस क्षति पर केवल करनाल ही नहीं, बल्कि प्रदेश और देश के विभिन्न हिस्सों से राजनेताओं, सामाजिक संस्थाओं और प्रबुद्ध नागरिकों ने गहरा शोक प्रकट किया है। शोक संदेशों के माध्यम से लोगों ने स्वर्गीय उषा गुप्ता को एक मिलनसार, धार्मिक और ममतामयी व्यक्तित्व वाली महिला बताया, जिनका असमय जाना समाज और परिवार के लिए एक अपूरणीय क्षति है। महापौर रेणु बाला गुप्ता और बृज गुप्ता ने इस कठिन समय में साथ देने वाले सभी शुभचिंतकों का आभार व्यक्त किया है।
