करनाल, 11 मई। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के निर्देशानुसार सोमवार को लघु सचिवालय स्थित सभागार में समाधान शिविर का आयोजन किया गया। मुख्यालय पर आयोजित समाधान शिविर में सीटीएम मोनिका शर्मा ने आमजन की समस्याएं सुनीं व संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने के निर्देश दिए। आज आयोजित समाधान शिविरों में 13 शिकायतें प्राप्त हुई, जिनमें से करनाल मुख्यालय पर नौ तथा नीलोखेड़ी, इंद्री, घरौंडा व असंध उपमंडल में एक-एक शिकायत प्राप्त हुई।
इस मौके पर सीटीएम मोनिका शर्मा ने कहा कि समाधान शिविरों का मुख्य उद्देश्य आमजन की समस्याओं का त्वरित, पारदर्शी और प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि समाधान शिविर में प्राप्त शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध तरीके से उनका निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि आमजन को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि हर सोमवार और वीरवार को जिला व उपमंडल स्तर पर सुबह 10 से 12 बजे तक समाधान शिविर का आयोजन किया जाता है। सभी नागरिक सरकार द्वारा आयोजित इन शिविरों का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और अपनी समस्याओं का समाधान करवाएं।
ये आई शिकायतें
करनाल में आयोजित समाधान शिविर में बलवान सिंह नरवाल गांव मुस्तफाबाद में कृषि भूमि की निशान देही करवाने, दिव्या शर्मा गांव शेरगढ़ टापू की फिरनी से नाजायज कब्जा हटवाने व फिरनी को पक्का करवाने के लिए, रणसिंह ग्राम पंचायत गोंदर की तालाब/जोहड़ की भूमि पर अवैध कब्जे व अनाधिकृत पक्के निर्माण पर कानूनी कार्यवाही करवाने बारे, कश्मीरी सिंह प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मकान अनुदान राशि प्रदान करने के लिए, मानसिंह पबाना हसनपुर में महात्मा गांधी बस्ती में पंचायत द्वारा रास्ता ना देने बारे, सोमदत्त मुगल माजरा में दुकान तोडऩे की शिकायत, शमशेर सिंह गांव सोहेलो में ड्रेन/नाले की खुदाई करवाने और कब्जा हटवाने को लेकर, महिंद्र सिंह गांव भूखापुरी में पंचायती गोहर व रास्तों पर नाजायज कब्जे की शिकायत तथा रामशरण न्यायालय में लंबित मामले की विवादित जमीन पंजीकृत करके निशानदेही का सूचना पत्र गैर कानूनी तरीके से देने की शिकायत लेकर आए। इसी प्रकार से नीलोखेड़ी में आयोजित समाधान शिविर में सुखा सिंह पीपीपी में बुढ़ापा पेंशन के लिए दस्तावेज सत्यापन के लिए आए। इंद्री उपमंडल में आयोजित समाधान शिविर में विशाल वर्मा ने अवैध पार्किंग की शिकायत दी। वहीं घरौंडा उपमंडल में अंकित कुमार ने बिजली के संबंध में शिकायत दी। असंध उपमंडल में आयोजित समाधान शिविर में सुनीता पीपीपी से वाहन का विवरण ठीक करवाने के लिए आईं।
