करनाल, 8 मई। उपायुक्त डॉ. आनंद कुमार शर्मा की अध्यक्षता में आज जनगणना 2027 से जुड़े चार्ज अधिकारियों के साथ जिला सचिवालय में बैठक आयोजित की गई। इसमें नजरी नक्शे, मकान सूचीकरण ब्लॉक के कार्य की समीक्षा की गई। संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि यह कार्य एक-दो दिन के भीतर पूरा कर इसे पोर्टल पर भी अपलोड कराएं।
बैठक में नगर निगम, नगर पालिका के अलावा ब्लॉक स्तर पर किए गए कार्य की प्रगति का जायजा लिया गया। एक-दो स्थानों पर मकान सूचीकरण ब्लॉक (एचएलबी) बड़ा होने के कारण आ रही परेशानी का मामला उठाया गया। इस पर सीटीएम मोनिका ने कहा कि बड़े ब्लॉक को विभाजित कर नया ब्लॉक बनाएं और रिजर्व स्टाफ से डयूटी लगाएं। बैठक में बताया गया कि अधिकांश प्रगणकों ने नजरी नक्शे बना लिए हैं। एचएलबी के बाद मकान सूचीकरण व मकानों की गणना का कार्य आरंभ कर दिया जाएगा। जनगणना 2027 के प्रथम चरण में मकान सूचीकरण व मकानों की गणना का कार्य 30 मई तक किया जाना है। इस बार जनगणना संबंधी कार्य एप के माध्यम से दर्ज करना अनिवार्य किया गया है। उपायुक्त ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि घर पर जनगणना कार्य के लिए आने वाले प्रगणक को सही और सटीक जानकारी दें। आपके द्वारा दी जाने वाली जानकारी के आधार पर भविष्य की योजना और नीतियां बनती है। बैठक में एडीसी डा. राहुल रईया भी मौजूद रहे।
लू व गर्मी से रखें बचाव
गर्मी व लू के मद्देनजर उपायुक्त डॉ. आनंद कुमार शर्मा ने जनगणना 2027 में लगे प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों को फील्ड कार्य के दौरान विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। उन्होंने कहा कि फील्ड कार्य अनुकूल मौसम परिस्थितियों के दौरान किया जाए। जरूरत पड़ने पर हेल्पलाइन नंबर 0184-2265386 पर संपर्क किया जा सकता है। उन्होंने जनगणना में लगे कर्मचारियों को सलाह दी है कि वे फील्ड के दौरान पानी साथ रखें। समय-समय पर ओआरएस एवं अन्य तरल पदार्थों का सेवन करते रहें। हल्के एवं ढीले वस्त्र पहनें और धूप से बचाव के लिए सिर को टोपी से ढक कर रखें। कार्य के दौरान बीच-बीच में छायादार स्थान पर विश्राम करें और अत्यधिक तापमान में परिश्रम से बचें।
