इंद्री/करनाल, 4 मई।  हरियाणा ग्रामीण विकास संस्थान के निदेशक डॉ. वीरेंद्र सिंह चौहान ने कहा कि महाराणा प्रताप केवल एक योद्धा नहीं बल्कि स्वाभिमान, त्याग और राष्ट्रभक्ति के प्रतीक थे। उन्होंने विपरीत परिस्थितियों में भी कभी अपने आत्मसम्मान से समझौता नहीं किया और मातृभूमि की रक्षा के लिए अपना पूरा जीवन समर्पित कर दिया। उनका जीवन आज की युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत है। डॉ. वीरेंद्र सिंह चौहान गांव टपराना में वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप की जयंती के अवसर पर पंजाबी राजपूत महासभा द्वारा आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में प्रदेशभर से आए पंजाबी राजपूत समाज के प्रतिनिधियों को संबोधित कर रहे थे।
इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विधायक रामकुमार कश्यप उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि महाराणा प्रताप जैसे महापुरुषों की जयंती मनाने से युवाओं को अपने इतिहास और संस्कृति से जुड़ने की प्रेरणा मिलती है और हमें उनके आदर्शों को जीवन में अपनाना चाहिए।
कार्यक्रम की अध्यक्षता हरियाणा ग्रामीण विकास संस्थान के निदेशक डॉ. वीरेंद्र सिंह चौहान ने की। उन्होंने कहा कि महाराणा प्रताप का संघर्ष हमें यह संदेश देता है कि सच्चा वीर वही होता है, जो अपने धर्म, संस्कृति और देश की रक्षा के लिए हर कठिनाई का सामना करे। हल्दीघाटी का युद्ध इतिहास में वीरता और साहस का अद्भुत उदाहरण है। हमें महाराणा प्रताप के आदर्शों को अपनाकर समाज और राष्ट्र की सेवा करनी चाहिए।
डॉ. चौहान ने कहा कि पंजाबी राजपूत उन पूर्वजों की संतान हैं जिन्होंने देश के विभाजन के समय सनातन धर्म और भारत भूमि के साथ अपना हजारों साल पुराना संबंध बनाए रखने के लिए अपने घर-बार और संपत्तियां छोड़ना स्वीकार किया, लेकिन किसी भी लोभ-लालच में आकर अपने धर्म और संस्कृति से समझौता नहीं किया।
विशिष्ट अतिथि के रूप में भाजपा जिला अध्यक्ष प्रवीण लाठर मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि समाज को एकजुट होकर महापुरुषों के बताए मार्ग पर चलना चाहिए तथा युवाओं में राष्ट्र प्रेम और सामाजिक मूल्यों की भावना विकसित करनी चाहिए। कार्यक्रम के दौरान भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष अजीत राणा द्वारा प्रस्तुत देश भक्ति एवं वीर रस से ओतप्रोत गीतों पर ग्रामीण खूब झूमे। उनके गीतों ने कार्यक्रम में उत्साह और ऊर्जा का संचार कर दिया तथा उपस्थित लोगों ने तालियों की गडग़ड़ाहट के साथ उनका स्वागत किया।
इस अवसर पर पंजाबी राजपूत महासभा के प्रदेश अध्यक्ष प्रहलाद चौहान एडवोकेट, प्रदेश महासचिव सतीश आर्य एडवोकेट, हल्का इंद्री प्रधान अरुण राणा, मीडिया प्रधान विशाल राणा, नवदीप राणा, मनोहर राणा, रवि राणा, प्रदीप राणा, रणवीर राणा, अजीत राणा, राजकुमार राणा पंजाब, गुलशन, पवन, दीपक राणा, राजेंद्र राठौर, रमेश सरपंच, पुरुषोत्तम राणा सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति एवं ग्रामीण मौजूद रहे।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *