चंडीगढ़। जननायक जनता पार्टी यूथ विंग हरियाणा के अध्यक्ष दिग्विजय सिंह चौटाला ने वर्ष 2024 के एचटेट परीक्षा परिणाम में घोटाला होने का आरोप लगाते हुए सीबीआइ जांच की मांग की है। उन्होंने कहा कि हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड भिवानी के सैकड़ों कर्मचारी काम छोड़कर बोर्ड के खिलाफ धरने पर बैठे हैं। ऐसे में हरियाणा सरकार को पूरे मामले की गंभीरता समझते हुए सीबीआइ जांच जरूरी है।

दिग्विजय चौटाला ने कहा कि एचटेट-2024 परीक्षा की आंसर शीट बोर्ड द्वारा नष्ट करने की आशंका जताई जा रही है। कर्मचारी इसका विरोध कर रहे हैं। नतीजतन बोर्ड की ओर से उन्हें डराया जा रहा है। दिग्विजय ने कहा कि बोर्ड के कर्मचारियों का साफ-साफ कहना है कि यह मामला हाईकोर्ट में विचाराधीन है और इस बीच बोर्ड ओएमआर शीट को नष्ट करने में लगा हुआ है ताकि घोटाले से संबंधी कोई रिकार्ड बोर्ड के पास न बचे।

जजपा लगातार उठा रही घोटाले की जांच

दिग्विजय चौटाला ने कहा कि पिछले चार माह से जजपा लगातार इस बड़े घोटाले की जांच की मांग उठा रही है। जजपा और इनसो ने प्रदेशभर में प्रदर्शन करते हुए राज्यपाल के नाम अनेक सबूतों के साथ ज्ञापन भी सौंपे। लंबे समय से इस गंभीर मामले पर सरकार की चुप्पी से जाहिर होता है कि भाजपा सरकार बिना पर्ची और बिना खर्ची का ढोंग कर रही है और गड़बड़ी करने वाले लोगों को बचाने में लगी हुई है।

दिग्विजय चौटाला ने कहा कि सरेआम एचटेट परीक्षा परिणाम में बड़ा घोटाला किया गया है और यह लाखों युवाओं के साथ बड़ा धोखा है। उन्होंने कहा कि इस घोटाले की सही से जांच न होने और घोटाला करने वाले सभी दोषियों पर कड़ी कार्रवाई नहीं होने तक जजपा शांत नहीं बैठेगी।

सरकार तुरंत इस घोटाले से संबंधित ओएमआर शीट व अन्य संबंधित सभी रिकार्ड को सुरक्षित करे, ताकि इस मामले की सही से जांच हो सके और दोषियों को सजा मिल सके।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *