कुरुक्षेत्र, 30  अप्रैल। अतिरिक्त उपायुक्त विवेक आर्य ने कहा कि 1 मई से वास्तविक मकान सूचीकरण और जनगणना कार्य शुरू होगा। नागरिकों को 30 अप्रैल तक स्वगणना में हिस्सा लेने के लिए मौका दिया गया था। उन्होंने आम जनता से अपील की कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में आने वाले सभी एन्यूमरेटरों और सुपरवाइजरों को पूरा सहयोग दें और उन्हें सही, सटीक तथा अद्यतन जानकारी प्रदान करें। जिन नागरिकों ने  स्वगणना  में हिस्सा लिया है वो जनगणना करने आने वाले (एन्यूमरेटर) के साथ केवल आईडी नंबर साझा करना होगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि नागरिकों द्वारा दी गई सभी जानकारी को पूरी तरह से गोपनीय रखा जाएगा और किसी भी व्यक्ति या संस्था के साथ साझा नहीं किया जाएगा।
अतिरिक्त उपायुक्त विवेक आर्य लघु सचिवालय के सभागार में जनगणना 2027 को लेकर आयोजित संबंधित अधिकारियों की बैठक को संबोधित कर रहे थे। इससे पहले गृह मंत्रालय के निदेशक जनगणना डॉ. ललित जैन ने सभी जिलों के उपायुक्तों को वीसी के माध्यम से आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। इस बैठक में नगराधीश आशीष कुमार, जिला सेंसस कोऑर्डिनेटर मंजू भी मौजूद रहे।
अतिरिक्त उपायुक्त विवेक आर्य ने कहा कि जनगणना एक राष्ट्रीय दायित्व है, जिसके माध्यम से प्रत्येक नागरिक राष्ट्र के विकास, नीति निर्माण और संसाधनों के न्यायसंगत वितरण में योगदान देता है। उन्होंने कहा कि जनगणना अधिकारियों को आवश्यक जानकारी देने से इनकार करना या उनके साथ असहयोग करना जनगणना अधिनियम के तहत एक दंडनीय अपराध है। उन्होंने सभी नागरिकों से आग्रह किया कि वे इस राष्ट्रीय अभियान में सक्रिय रूप से भाग लें और यह सुनिश्चित करें कि उनकी जनगणना विधिवत रूप से दर्ज हो। प्रत्येक जिले ने जनगणना कार्यों के संचालन के लिए व्यापक और उत्कृष्ट तैयारियां की हैं, तथा अत्यंत कुशल व्यवस्थाएं लागू की हैं। एन्यूमरेटर और सुपरवाइजर जनगणना प्रक्रिया के सबसे महत्वपूर्ण स्तंभ हैं, और उनसे अपेक्षा की जाती है कि वे पूर्ण समर्पण और निष्ठा के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करें। विभाग पूरी तरह से उनके साथ खड़ा है।
उन्होंने कहा कि यदि किसी एन्यूमरेटर, सुपरवाइजर या नागरिक को किसी भी प्रकार की कठिनाई का सामना करना पड़ता है तो वे अपने संबंधित सुपरवाइजर या तहसीलदार से संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा जनगणना विभाग का हेल्पलाइन नंबर 1855 भी उपलब्ध कराया गया है, जिस पर कोई भी नागरिक, गणनाकार या पर्यवेक्षक अपनी समस्याओं की रिपोर्ट कर सकता है। प्रत्येक शिकायत या समस्या पर उचित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *