स्मृति व्याख्यान एवं मेमोरियल अवार्ड का कुलपति ने जारी किया पोस्टर
कुका एवं आईएमसीएंडएमटी के संयुक्त तत्वावधान में समारोह का आयोजन आज
कुरुक्षेत्र, 29 अप्रैल।
 कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. सोमनाथ सचदेवा ने बुधवार को कुलगुरु कार्यालय में रोहित सरदाना स्मृति व्याख्यान एवं रोहित सरदाना मेमोरियल अवार्ड समारोह के पोस्टर का विमोचन करते हुए कहा कि पत्रकारिता के क्षेत्र में रोहित सरदाना की अमिट छाप रही है। उनका नाम एक प्रमुख और प्रभावशाली टीवी एंकर एवं पत्रकार के रूप में लिया जाता है। कुलगुरु प्रो. सोमनाथ सचदेवा ने कहा कि रोहित सरदाना अपने करियर की शुरुआत रेडियो और छोटे चैनलों से की, लेकिन बाद में वे राष्ट्रीय स्तर पर पत्रकारिता के क्षेत्र में प्रसिद्ध हुए। उनकी पत्रकारिता में उत्कृष्टता, निर्भीकता, स्पष्टता एवं न्यूज का प्रस्तुतीकरण अत्यधिक प्रभावशाली था। इसलिए भारतीय पत्रकारिता में उनके योगदान को आज भी याद किया जाता है। इस अवसर पर कुलगुरु प्रो. सोमनाथ सचदेवा ने घोषणा करते हुए कहा कि केयू सीनेट हॉल में 30 अप्रैल 2026 को आयोजित होने वाले रोहित सरदाना स्मृति व्याख्यान एवं अवार्ड कार्यक्रम में पहला रोहित सरदाना अवार्ड राष्ट्रीय ख्याति प्राप्त पत्रकार एवं न्यूज 18 के एंकर अमित पांडेय को दिया जाएगा।
केयू जनसंचार एवं मीडिया प्रौद्योगिकी संस्थान व लोक सम्पर्क विभाग के निदेशक प्रो. महासिंह पूनिया ने बताया कि रोहित सरदाना अवार्ड के तहत प्रशस्ति पत्र, 21 हजार रुपये की राशि एवं अवार्ड भेंट किया जाएगा। उन्होंने बताया कि यह कार्यक्रम जनसंचार एवं मीडिया प्रौद्योगिकी संस्थान व कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय पूर्व छात्र संगठन कुका के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया जा रहा है जिसमें विद्या भारती पूर्व छात्र परिषद महत्वपूर्ण भूमिका अदा कर रही है। इस अवसर पर रोहित सरदाना के पिता श्री रत्न चंद सरदाना, डाॅ. पंकज शर्मा, अशोक रोशा, डाॅ. सतीश सैनी, अखिलेश गुप्ता, श्रीलंका के केलनिया विश्वविद्यालय की प्रो. सुभाषिणी रत्नायके, चेतराम शर्मा, डाॅ. आबिद अली व अमित जांगड़ा मौजूद रहे।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *