नागरिक 30 अप्रैल तक  https://se.census.gov.in/  लिंक से करें स्व-गणना।
करनाल 27 अप्रैल/
नगर निगम आयुक्त डॉ. वैशाली शर्मा ने भारत सरकार के निर्देशानुसार चल रही स्व-गणना प्रक्रिया के तहत स्वयं अपनी गणना पूरी कर एक सकारात्मक उदाहरण प्रस्तुत किया। इस अवसर पर उन्होंने नगर निगम क्षेत्र के सभी नागरिकों से भी इस महत्वपूर्ण कार्य में बढ़-चढक़र भाग लेने की अपील की।
उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि भारत सरकार द्वारा देशभर में स्व-गणना का कार्य शुरू किया गया है, जिसका उद्देश्य जनगणना प्रक्रिया को अधिक सरल, पारदर्शी और सटीक बनाना है। उन्होंने बताया कि स्व-गणना के लिए निर्धारित पोर्टल 30 अप्रैल 2026 तक खुला रहेगा। नागरिक इस सुविधा का लाभ उठाते हुए घर बैठे ही अपनी जनगणना आसानी से कर सकते हैं। इसके लिए भारत सरकार द्वारा आधिकारिक लिंक  https://se.census.gov.in/  जारी किया गया है।
नगर निगम कर्मचारियों ने निभाई जिम्मेदारी– उन्होंने बताया कि नगर निगम करनाल के सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने अपनी-अपनी स्व-गणना पूर्ण कर ली है। इससे न केवल विभागीय स्तर पर जागरूकता बढ़ी है, बल्कि नागरिकों के लिए भी एक प्रेरणादायक संदेश भी है कि इस प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी कितनी आवश्यक है।
स्व-गणना से होगी समय और संसाधनों की बचत- उन्होंने कहा कि स्व-गणना के माध्यम से नागरिक स्वयं अपनी जानकारी ऑनलाइन दर्ज कर सकते हैं, जिससे पारंपरिक जनगणना प्रक्रिया में लगने वाले समय और संसाधनों की बचत होगी। साथ ही, इससे डेटा की सटीकता और पारदर्शिता भी सुनिश्चित होगी।
नागरिकों से सहयोग की अपील- निगमायुक्त ने नगर निगम क्षेत्र के सभी निवासियों से अपील करते हुए कहा कि वे अंतिम तिथि से पूर्व दिए गए लिंक के माध्यम से अपनी स्व-गणना अवश्य पूर्ण करें। उन्होंने कहा कि यह प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है कि वह इस राष्ट्रीय महत्व के कार्य में सहयोग करें, ताकि भविष्य की योजनाओं और नीतियों के निर्माण के लिए सटीक आंकड़े उपलब्ध हो सकें।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *