हरियाणा में 10 मई को होने वाले नगर निकाय चुनाव को लेकर नामांकन की प्रक्रिया जारी है। नामांकन के अंतिम दो दिन प्रत्याशियों की काफी गहमागहमी रही। रेवाड़ी नगर परिषद और धारूहेड़ा नगर पालिका के चेयरमैन और पार्षद पद के लिए नामांकन दाखिल करने वाले प्रत्याशियों की शुक्रवार को खासी भीड़ नजर आई। रेवाड़ी सचिवालय, HSVP एवं रोडवेज जीएम कार्यालय तथा धारूहेड़ा तहसील सहित चार स्थानों पर नामांकन भरने के लिए स्थान निर्धारित किए गए हैं। जहां प्रत्याशी दल बल के साथ रोड शो निकालकर डीजे पर देशभक्ति गीतों के साथ नामांकन दाखिल करने के लिए जाते दिखाई दिए। 25 अप्रैल को नामांकन का अंतिम दिन रहेगा शेष उम्मीदवार कल अपना पर्चा दाखिल करेंगे। बीजेपी समर्थित एवं निर्दलीय प्रत्याशियों ने अपने अपने वार्ड से फार्म भरकर जीत का दावा किया।
रेवाड़ी जिला निर्वाचन अधिकारी एवं डीसी अभिषेक मीणा ने बताया कि जिला में नगर परिषद रेवाड़ी, नगर पालिका धारूहेड़ा के आम चुनाव व पंचायती राज संस्थाओं में रिक्त पदों पर उपचुनाव 10 मई को कराएं जाएंगे। उन्होंने बताया कि उक्त चुनावों के प्रत्याशी शनिवार 25 अप्रैल 2026 तक सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक नामांकन कर सकते हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी अभिषेक मीणा ने बताया कि शुक्रवार, 24 अप्रैल तक नगर परिषद रेवाड़ी चेयरपर्सन पद के लिए 5 और नगर पालिका धारूहेड़ा चेयरपर्सन पद के लिए 11 उम्मीदवारों ने नामांकन जमा करवाया है। वहीं नगर परिषद रेवाड़ी में वार्डों के पार्षद पदों के लिए अलग-अलग वार्डों से 123 प्रत्याशियों ने नामांकन किया है। इसी प्रकार नगर पालिका धारूहेड़ा के वार्डों के पार्षद पदों के लिए विभिन्न वार्डों से 58 प्रत्याशियों ने नामांकन दर्ज करवाए हैं। उन्होंने बताया कि पंचायत राज संस्थाओं में रिक्त पदों के लिए शुक्रवार, 24 अप्रैल तक 9 प्रत्याशियो ने नामांकन दर्ज करवाया है। जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि नगर परिषद रेवाड़ी के लिए अतिरिक्त उपायुक्त राहुल मोदी को रिटर्निंग अधिकारी नियुक्त किया गया है। नगर परिषद रेवाड़ी में चेयरपर्सन पद के लिए उम्मीदवार लघु सचिवालय के प्रथम तल पर स्थित कमरा नंबर 202 में अपना नामांकन पत्र जमा कर सकते है। वहीं रेवाड़ी नगर परिषद के वार्ड नंबर 1 से 11 के पार्षद पद के लिए नया मॉडल टाउन स्थित सेक्टर-1, ईओ एचएसवीपी कार्यालय में नामांकन दर्ज करवा सकते है। इसी प्रकार वार्ड नंबर 12 से 22 के पार्षद पद के लिए महाप्रबंधक हरियाणा राज्य परिवहन विभाग रेवाड़ी के कार्यालय, वार्ड नंबर 23 से 32 के पार्षद पद के लिए लघु सचिवालय स्थित जिला राजस्व अधिकारी कार्यालय के कमरा नंबर 113 में नामांकन दर्ज करवा सकते है। जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि नगर पालिका धारूहेड़ा के लिए उपमंडल अधिकारी ना. रेवाड़ी सुरेश कुमार को रिटर्निंग अधिकारी नियुक्त किया गया है। नगर पालिका धारूहेड़ा में चेयरमैन व वार्ड नंबर 1 से 18 के पार्षद पद के उम्मीदवार तहसील कार्यालय धारूहेड़ा में अपना नामांकन दर्ज करवा सकते है। उन्होंने बताया कि इसी प्रकार पंचायती राज संस्थाओं में रिक्त पदों के लिए प्रत्याशी निर्धारित किए गए स्थानों पर 25 अप्रैल 2026 तक प्रात:11 बजे से दोपहर 3 बजे तक अपना नामांकन दर्ज करवा सकते है

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *