प्रकृति को सहेज कर रखना हर नागरिक का कर्तव्य- रेनू बाला गुप्ता, महापौर।
विद्यार्थी ग्रीन एम्बेसडर बनकर शहरवासियों को करें जागरूक- डॉ. वैशाली शर्मा, निगमायुक्त।
करनाल 22 अप्रैल,

विश्व पृथ्वी दिवस के अवसर पर आदर्श स्कूल के विद्यार्थियों द्वारा नगर निगम करनाल कार्यालय में एक प्रभावशाली नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया गया। इस नुक्कड़ नाटक के माध्यम से विद्यार्थियों ने धरती बचाओ, पर्यावरण संरक्षण, जल बचाओ, पौधारोपण तथा प्लास्टिक त्यागो जैसे महत्वपूर्ण संदेश दिए। बच्चों ने छोटे-छोटे कदम उठाकर बड़ा बदलाव लाने की अपील करते हुए उपस्थित स्टाफ व निगम कार्यालय में काम के लिए आए नागरिकों को जागरूक किया। इस अवसर पर महापौर रेनू बाला गुप्ता, नगर निगम आयुक्त डॉॅ. वैशाली शर्मा, वार्ड 18 के पार्षद हरजीत सिंह, अतिरिक्त निगम आयुक्त अशोक कुमार, भाजपा पूर्व कार्यकारी जिलाध्यक्ष बृज गुप्ता तथा निगम स्टाफ मौजूद रहा।
इस अवसर पर महापौर ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि उनका यह संदेश केवल इस कार्यक्रम तक सीमित न रहकर जन-जन तक पहुंचे, ताकि प्रत्येक नागरिक पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक हो सके। उन्होंने कहा कि प्रकृति को सहेज कर रखना हर व्यक्ति का कर्तव्य है और जब तक प्रकृति सुरक्षित है, तब तक मानव जीवन भी सरल और सुरक्षित रहेगा।
उन्होंने कहा कि बढ़ते प्रदूषण, जल संकट और जलवायु परिवर्तन जैसी चुनौतियों से निपटने के लिए हमें अपने दैनिक जीवन में छोटे-छोटे बदलाव अपनाने होंगे। जल संरक्षण, स्वच्छता, अधिक से अधिक पौधारोपण और सिंगल यूज़ प्लास्टिक का त्याग कर हम धरती को सुरक्षित बना सकते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों की शानदार प्रस्तुति की सराहना करते हुए बच्चों व विद्यालय के स्टाफ को बधाई दी।
नगर निगम आयुक्त ने भी विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि आज के समय में पर्यावरण संरक्षण केवल एक विकल्प नहीं बल्कि आवश्यकता बन चुका है। उन्होंने कहा कि जल संरक्षण, स्वच्छता, हरियाली बढ़ाना और सिंगल यूज़ प्लास्टिक का त्याग करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे ग्रीन एम्बेसडर बनकर अपने परिवार,  व समाज को पर्यावरण के प्रति सजग करें। उन्होंने कहा कि नगर निगम करनाल द्वारा भी शहर को स्वच्छ, सुंदर और हरित बनाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं, जिनमें जनभागीदारी भी अत्यंत आवश्यक है।
उन्होंने सभी नागरिकों से अपील की कि वे विश्व पृथ्वी दिवस के संदेश को अपने जीवन में अपनाएं और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण में सक्रिय भूमिका निभाते हुए आने वाली पीढिय़ों के लिए एक स्वच्छ, सुरक्षित और हरित वातावरण सुनिश्चित करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *