-आयुष विभाग ने शांति नगर, लुखी, खानपुर कौलियां, कृष्णा नगर व प्रेरणा वृद्ध आश्रम में शिविरों का किया आयोजन
कुरुक्षेत्र, 21 अप्रैल। जिला आयुर्वेदिक अधिकारी डॉ. मंजू शर्मा ने कहा कि आयुष विभाग द्वारा निरंतर नागरिकों के स्वास्थ्य को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से संचालित की जा रही हैं। महानिदेशक आयुष हरियाणा के निर्देशानुसार तथा हरियाणा योग आयोग के तालमेल से, जिला आयुर्वेदिक अधिकारी कुरुक्षेत्र डॉ. मंजू शर्मा के दिशा-निर्देश में आयुष विभाग द्वारा विभिन्न स्थानों पर निरंतर स्वास्थ्य जागरूकता एवं योग शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय शांति नगर में आयुष मेडिकल कैंप का आयोजन किया गया, जिसमें डॉक्टर प्रभजोत कौर द्वारा कक्षा 6 से 10वीं तक के विद्यार्थियों को आयुर्वेद की दिनचर्या एवं ऋतुचर्या के सिद्धांतों के बारे में जागरूक किया गया। विद्यार्थियों को त्रिरंगी आयुर्वेदिक थाली (दुग्ध उत्पाद, हरी सलाद, मिलेट्स आदि) के महत्व के बारे में बताया गया तथा किशोरी बालिकाओं को रजस्वलाचार्य के विषय में परामर्श दिया गया। उन्होंने बच्चों को आयुर्वेद से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की।
दूसरा शिविर राजकीय प्राथमिक विद्यालय लुखी में आयुष् आरोग्य मंदिर के अंतर्गत डॉ. महिपाल द्वारा आयोजित किया गया। इस दौरान बच्चों को आयुर्वेदिक दिनचर्या, ऋतुचर्या एवं स्वच्छता से संबंधित आदतों के बारे में जागरूक किया गया। आयुर्वेदिक फार्मासिस्ट संजीव कुमार द्वारा नि:शुल्क औषधियों का वितरण किया गया तथा योग सहायक बाला देवी द्वारा बच्चों को सूक्ष्म क्रियाएं एवं प्राणायाम का अभ्यास करवाते हुए उनके लाभों की जानकारी दी गई। इसी कड़ी में पीएचसी खानपुर कोलियां के अंतर्गत डॉ. मनप्रीत गहलावत द्वारा गवर्नमेंट प्राइमरी एवं मिडिल स्कूल, खानपुर कोलियां में स्कूल हेल्थ कैंप का आयोजन किया गया। इस शिविर में मुख्य रूप से 14 वर्ष की छात्राओं को एचपीवी वैक्सीन के बारे में जागरूक किया गया। लगभग 60 विद्यार्थियों के स्वास्थ्य की जांच कर नि:शुल्क दवाइयां वितरित की गई तथा विद्यार्थियों को दिनचर्या एवं ऋतुचर्या के पालन से होने वाले लाभों के बारे में विस्तार से बताया गया।
यूपीएससी कृष्णा नगर गामड़ी में गर्भवती महिलाओं के लिए विशेष योग सत्र आयोजित किया गया, जिसमें आयुष योग सहायक दीक्षा एवं हरदीप सिंह द्वारा सूक्ष्म व्यायाम करवाए गए तथा गर्भावस्था के दौरान किए जाने वाले उपयुक्त आसनों की जानकारी दी गई, जिससे महिलाएं अपने स्वास्थ्य को बेहतर बनाए रख सकें। वहीं प्रेरणा वृद्ध आश्रम में बुजुर्गों के लिए चल रहे विशेष योग शिविर के चौथे दिन योग सहायक डिंपल रानी एवं हरदीप सिंह द्वारा सूक्ष्म व्यायाम, प्राणायाम एवं विभिन्न मुद्राओं का अभ्यास करवाया गया तथा उनके लाभों के बारे में विस्तार से बताया गया।
