इंद्री के विधायक रामकुमार कश्यप ने की कार्यक्रम की अध्यक्षता, डॉ. अनुराग कौशल रहे विशिष्ट अतिथि
समाज को भयमुक्त बनाने के लिए शस्त्र और शास्त्र का ज्ञान जरूरी :  ब्रह्मस्वरूप ब्रह्मचारी
श्री ब्राह्मण एवं तीर्थोद्धार सभा उठाए संस्कृति और संस्कार को स्वच्छ रखने का बीड़ा, जयराम संस्था करेगी सहयोग :  ब्रह्मस्वरूप ब्रह्मचारी
मंदिर निर्माण यज्ञ से भी बड़ा कार्य : श्रीमहंत बंसी पुरी
कुरुक्षेत्र, 20 अप्रैल : श्री ब्राह्मण एवं तीर्थोद्धार सभा की ओर से सेक्टर-8 में नवनिर्मित भगवान गोरी शंकर मंदिर का लोकार्पण ब्रह्मस्वरूप ब्रह्मचारी महाराज तथा श्रीमहंत बंसी पुरी महाराज के सानिध्य में संपन्न हुआ। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता इंद्री के विधायक राजकुमार कश्यप ने की, जबकि श्रीबालाजी आरोग्यम अस्पताल के एमडी डॉ. अनुराग कौशल विशिष्ट अतिथि के रूप कार्यक्रम में शामिल हुए।
सभी अतिथियों का कार्यक्रम में पहुंचने पर सभा के मुख्य सलाहकार जय नारायण शर्मा, प्रधान यशेंद्र शर्मा तथा प्रधान महासचिव रामपाल शर्मा के नेतृत्व में पदाधिकारियों ने वेद मंत्रोच्चारण के बीच पुष्प गुच्छ भेंट कर स्वागत किया। अतिथियों ने भगवान गोरी शंकर की पूजा-अर्चना की। इस कार्यक्रम में पूर्व राज्यमंत्री सुभाष सुधा के प्रतिनिधि के रूप राजू सेठी ने भाग लिया।
अपने संबोधन में श्री जयराम संस्थाओं के परमाध्यक्ष ब्रह्मस्वरूप ब्रह्मचारी ने भगवान परशुराम जन्मोत्सव की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मंदिर आस्था का केंद्र होते हैं। सभा ने इस मंदिर में सभी देवी-देवताओं को स्थान दिया है और भगवान के विभिन्न अवतार के स्वरूप शामिल किए हैं। वास्तव में यह स्वरूप भगवान विष्णु के ही रूप है। समाज को भयमुक्त बनाने के लिए शस्त्र और शास्त्र का ज्ञान होना जरूरी है।
उन्होंने कहा कि भगवान परशुराम ने यह शिक्षा दी कि जब किसी पर अन्याय हो, तो शस्त्र उठाने चाहिए। ब्रह्मचारी ने कहा कि सभा कुरुक्षेत्र की धरती पर सराहनीय काम कर रही है। कुरुक्षेत्र में संस्कृति और संस्कार को स्वच्छ रखने का बीड़ा सभा को उठाना चाहिए।  श्री जयराम संस्था इस काम में सभा का पूरा सहयोग करेगी। कुरुक्षेत्र की संस्कृति को आगे बढ़ाने की जरूरत है।
श्रीमहंत बंसी पुरी महाराज ने कहा कि सभा ने मंदिर का निर्माण करके सराहनीय कार्य किया है। मंदिर निर्माण यज्ञ से बड़ा है। मंदिर निर्माण में एक ईंट का भी दान देने से यज्ञ का फल मिलता है। मंदिर रोग मुक्त करते हैं, जिनका इलाज अस्पताल में नहीं हो सकता, उनका इलाज मंदिर में हो जाता है, क्योंकि मंदिर में जाने से अध्यात्मिक ऊर्जा और मन को शांति मिलती है।
इंद्री के विधायक रामकुमार कश्यप ने सभी देशवासियों को भगवान परशुराम जन्मोत्सव की बधाई देते हुए कहा कि सेक्टर-8 में मंदिर की बहुत जरूरत थी। मंदिर में जाने से सकारात्मक ऊर्जा और मानसिक तनाव से मुक्ति मिलती है। जो इलाज डॉक्टर नहीं कर सकते, उनका इलाज भगवान की शरण में जाने से हो जाता है। उन्होंने मंदिर निर्माण के लिए सभा को साधुवाद दिया और कहा कि भगवान में अटूट विश्वास होने से उनका आशीर्वाद मिलता है।
इस मौके पर सभा के मुख्य सलाहकार जय नारायण शर्मा ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए सभा की गतिविधियों का बयौरा दिया तथा मंदिर निर्माण में सहयोग देने वाले सेक्टर-8 के वासियों और भगवान के स्वरूप भेंट करने वाले दानी सज्जनों का सभा की ओर से आभार जताया। कार्यक्रम को सभा के संरक्षक कृष्ण कुमार कौशिक एडवोकेट तथा प्रधान यशेंद्र शर्मा ने संबोधित किया और अतिथियों का स्वागत किया। सभा की ओर से सभी अतिथियों को अंग वस्त्र और प्रसाद देकर सम्मानित किया गया। इस मौके पर सेक्टर-8 वेलफेयर एसोसिएशन के प्रधान अशोक गर्ग, सतबीर शर्मा, श्रीहनुमान सभा के प्रधान एवं वरिष्ठ पत्रकार कृष्ण धमीजा उपस्थित रहे।
बाक्स
मंदिर में हुई विभिन स्वरूप की प्राण प्रतिष्ठा
श्री गोरी शंकर मंदिर में शिवलिंग, शिव परिवार, श्री राम दरबार, श्री राधा-कृष्ण, गणेशजी, श्री लक्ष्मी-नारायण, हनुमानजी, मां काली, मां दुर्गा, माता शीतला, शनिदेव और शिला, श्री खाटू श्याम, नगर खेड़ा और मां सरस्वती के स्वरूप की पूरे विधि-विधान के साथ प्राण प्रतिष्ठा की गई। इस अवसर पर भंडारा का आयोजन भी किया गया। इस कार्यक्रम में भारी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *