मुख्यमंत्री ने प्रदेश भर की वार्ड कमेटियों को वर्चुअली किया संबोधित, स्वच्छ भारत, स्वच्छ हरियाणा बनाने में आम जन की भागीदारी करें सुनिश्चित

करनाल, 16 अप्रैल।   हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वच्छ भारत, विकसित भारत के सपने को साकार करने के लिए हरियाणा सरकार द्वारा मिशन मोड में कार्य किया जा रहा है और इसे जन आंदोलन बनाने की दिशा में कारगर कदम उठाए जा रहे हैं। सरकार द्वारा शहरी स्थानीय निकाय विभाग के माध्यम से हाल ही में प्रदेश में स्थापित नगर निगम, नगर परिषद  व नगर पालिका में वार्ड वाईज करीब 1520 कमेटियों का गठन किया जा चुका है, शेष स्थानीय निकायों के वार्डों में भी गठन हो जाएगा। उन्होंने वार्ड वाईज गठित समिति के सदस्यों का आह्वान किया कि वे अपने-अपने क्षेत्र के ज्यादा से ज्यादा लोगों को स्वच्छता अभियान से जोड़ें और आमजन की भागीदारी सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि समिति के सदस्यों को स्वच्छता जैसे महत्वपूर्ण विषय की जिम्मेदारी उनके कंधों पर आ गई है। सभी सदस्य अपनी-अपनी जिम्मेदारी को बखूबी निभाएं, इससे जहां क्षेत्र स्वच्छ बनेगा, वहीं सदस्यों को भी एक अलग पहचान भी मिलेगी और सम्मान हासिल होगा। उन्होंने बताया कि सरकार द्वारा 1 मई से आगामी 15 मई तक विशेष स्वच्छता अभियान शहरी स्थानीय निकायों के माध्यम से चलाया जाएगा, इसमें ज्यादा से ज्यादा लोगों की भागीदारी सुनिश्चित की जाए।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी वीरवार को चंडीगढ़ से वर्चुअल तौर पर जुडक़र शहरी स्थानीय निकाय विभाग के नगर निगम, नगर परिषद  व नगर पालिकाओं में वार्ड वाईज गठित कमेटी के सदस्यों, नगर निगम महापौरों, नगर परिषद व नगर पालिका के अध्यक्ष व उपाध्यक्ष व नगर पार्षदों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि स्वच्छता एक ऐसा विषय है, अगर उसपर पूर्ण रूप से ध्यान न दिया जाए तो उसका सबसे ज्यादा प्रभाव समाज पर दिखाई देता है। इसलिए सभी कमेटी सदस्य मेरा वार्ड स्वच्छ वार्ड बनाने के लिए मेहनत करें और ज्यादा से ज्यादा लोगों की भागीदारी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि वार्ड वाईज कमेटियां प्रशासन और जनता के बीच में एक मजबूत सेतु का काम करें। अगर जनता की कोई शिकायत स्वच्छता को लेकर समिति के सदस्यों की ओर से जिला अधिकारियों के पास पहुंचती है, उसका प्राथमिकता के आधार पर निवारण किया जाए। इसके अलावा राज्य स्तर पर भी शिकायत निवारण के लिए टोल फ्री नंबर भी जारी किया जाए तथा समिति की ओर से वार्ड वाईज आए सुझाव पर गंभीरता से विचार करें और सरकार के संज्ञान में लाया जाए ताकि लोगों की मूलभूत समस्याओं का शीघ्र समाधान हो सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि वार्ड वाईज समिति के अध्यक्ष के रूप में वार्ड का नगर पार्षद कार्य करेगा और संबंधित शहरी स्थानीय निकाय का  अधिकारी/कर्मचारी सचिव के रूप में समिति के सदस्यों का सहयोग करेगा।
उन्होंने कहा कि समिति के सदस्य लोगों में जागृति लाएं कि वे कूड़े-कचरे को इधर-उधर न फैंकें, बल्कि डोर टू डोर कलेक्शन करने वाली गाड़ी में ही कचरा डाला जाए। इसके अलावा सूखे व गीले कचरे को भी अलग-अलग डस्टबिनों में डालने के लिए प्रेरित करें। इसके अलावा नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से भी लोगों को जागरूक किया जाए। इससे आम जनता की सोच में बदलाव आएगा। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि वे कूड़े-कचरे के निपटान के लिए जिन एजेंसियों के पास टेंडर हैं, वे उनके वाहनों, कर्मचारियों की संख्या की उपलब्धता पर भी नजर रखें। अगर कहीं पर भी लापरवाही नजर आती है तो उनके खिलाफ जुर्माना व प्रशासनिक कार्यवाही भी अमल में लाई जाए। उन्होंने कहा कि कमेटी के सदस्य स्वच्छता के साथ-साथ आम जन तक सरकार की योजनाओं का लाभ पहुंचाने में भी मदद करें ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति योजना के लाभ से वंचित न रहे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वार्ड कमेटियों के गठन का उद्देश्य लोगों की मूलभूत जरूरतों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करवाने के निर्णय में आम जन की भागीदारी सुनिश्चित करना है। वार्ड कमेटी के सदस्यों की क्षेत्र में कार्यान्वित की जाने वाली योजनाओं और विकास कार्यों के लिए प्रस्ताव तैयार करना और उनकी प्राथमिकता निर्धारित करना है, वार्ड में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन में सहायता प्रदान करना और स्वच्छता कार्यों का पर्यवेक्षण करना, वार्ड में विभिन्न समूहों के लोगों के बीच स?द्भाव और एकता को प्रोत्साहित करना,  विकास एवं कल्याणकारी योजनाओं के कार्यान्वयन हेतु लाभार्थियों की पहचान के लिए सहायता प्रदान करना, कला और सांस्कृतिक गतिविधियों तथा खेलकूद को प्रोत्साहित करना, नगर निगम को देय करों, शुल्कों और अन्य राशियों की समय पर वसूली में सहायता करना और सभी राजस्व स्रोतों की इष्टतम वसूली सुनिश्चित करना, पार्को, खेल के मैदानों, सडक़ों और स्ट्रीट लाइटों के रखरखाव को सुनिश्चित करना प्राथमिकता में शामिल है। इसके अलावा सरकारी अस्पतालों व स्वच्छता केंद्रों में भी सरकारी सेवाओं के बारे में नजर रखें तथा विभाग द्वारा चलाए जा रहे टीकाकरण अभियान में सहयोग करें। पर्यावरण को स्वच्छ व क्षेत्र को हरा-भरा बनाने के लिए ज्यादा से ज्यादा पौधे लगवाना सुनिश्चित करें।

इस अवसर पर महापौर रेनू बाला गुप्ता, नगर निगम आयुक्त डॉ. वैशाली शर्मा, अतिरिक्त निगम आयुक्त अशोक कुमार, संयुक्त आयुक्त दलजीत सिंह, उप निगम आयुक्त विनोद नेहरा, अधीक्षण अभियंता पुनीत कुमार, नगर निगम पार्षद, नगर पालिकाओं के अध्यक्ष, सचिव व उनके पार्षद सहित वार्ड कमेटी के सदस्य मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *