करनाल, 20  मार्च।  उपायुक्त उत्तम सिंह ने कहा कि जिला में पेट्रोल, डीजल एवं घरेलू एलपीजी गैस की आपूर्ति पूरी तरह से सामान्य है। रसोई गैस की कोई कमी नहीं है। उपभोक्ताओं को नियमानुसार 25 दिन बाद गैस सिलेंडर सहित पेट्रोल व डीजल की आपूर्ति पहले की तरह हो रही है। आमजन को घबराने की आवश्यकता नहीं है। आमजन किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें।
उपायुक्त ने आमजन से अपील की है कि एलपीजी गैस या पेट्रोलियम उत्पादों की आपूर्ति को लेकर सोशल मीडिया या अन्य माध्यमों से फैल रही अफवाहों पर ध्यान न दें। उन्होंने कहा कि नागरिक अनावश्यक भंडारण से बचें, क्योंकि इससे बाजार में कृत्रिम कमी पैदा हो सकती है। उन्होंने बताया कि जिला में रसोई गैस की कोई कमी नहीं है और प्रत्येक परिवार को नियमानुसार 25 दिन के अंतराल के बाद नियमित रूप से गैस सिलेंडर उपलब्ध करवाए जा रहे हैं। उन्होंने जिलावासियों से आग्रह किया कि वे आवश्यकता अनुसार सिलेंडर लें न कि इनका संग्रह करें। ऐसा करने से अन्य लोगों में भी भय का माहौल बनता है और लोगों में गैस सिलेंडर लेने की होड़ लग जाती है। जिला में रसोई गैस या पेट्रोल-डीजल की आपूर्ति में किसी भी प्रकार की कमी नहीं होने दी जाएगी।

उन्होंने बताया कि गैस सहित पेट्रोल व डीजल की चोरी, कालाबाजारी या अनधिकृत वितरण पर प्रभावी रोक लगाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक तथा जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक को विशेष अभियान चलाने, स्टॉक की दैनिक रिपोर्टिंग तथा उपभोक्ता शिकायतों के त्वरित निपटारे के सख्त निर्देश दिए गए हैं। उपभोक्ता अपनी शिकायतें हेल्पलाइन नंबर 1967 पर दर्ज करा सकते हैं।

एलपीजी गैस सिलेंडरों की आपूर्ति व्यवस्था सुव्यवस्थित एवं संतुलित, गैस सिलेंडरों की उपलब्धता एवं वितरण व्यवस्था पर रखी जा रही नजर: डीएफएससी  मुकेश कुमार

जिला खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले नियंत्रक (डीएफएससी)मुकेश कुमार ने बताया कि जिला में घरेलू गैस सिलेंडरों की कोई कमी नहीं है। जिला में 41 गैस एजेंसियां हैं और इन सभी अधिकृत गैस एजेंसियों के माध्यम से उपभोक्ताओं को घरेलू गैस सिलेंडर नियमित रूप से उपलब्ध कराए जा रहे हैं। जिला में पंजीकृत उपभोक्ताओं के अनुसार प्रत्येक दिन के लिए  11867 घरेलू तथा 260 व्यावसायिक गैस सिलेंडरों की खपत है जबकि उक्त विभिन्न गैस एजेंसियों के पास जिला में 13024 गैस सिलेंडरों का भंडारण है।  उन्होंने बताया कि हरियाणा राज्य में एलपीजी गैस सिलेंडरों की आपूर्ति व्यवस्था सुव्यवस्थित एवं संतुलित है। वर्तमान में राज्य स्तर पर रिप्लेसमेंट रेट  लगभग 1.5 लाख सिलेंडर प्रतिदिन है, जबकि रिप्लेनिशमेंट रेट लगभग 2.5 लाख सिलेंडर प्रतिदिन है। उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन एवं खाद्य एवं आपूर्ति विभाग द्वारा गैस सिलेंडरों की उपलब्धता एवं वितरण व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखी जा रही है, ताकि उपभोक्ताओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो और आपूर्ति व्यवस्था सुचारू रूप से बनी रहे। जिला में गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी, जमाखोरी व अनधिकृत प्रयोग पर कड़ी नजर रखने के लिउ जिला व उपमंडल स्तर पर नोडल अधिकारी नियुक्त किए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *