करनाल, 20 मार्च। जिला सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी सत्यवान ने बताया कि प्रदेश सरकार द्वारा पात्र बुजुर्ग श्रद्धालुओं को विभिन्न तीर्थ स्थलों की निशुल्क यात्रा करवाने के लिए हरियाणा मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना शुरू की गई है। योजना के तहत 60 वर्ष से अधिक आयु के हरियाणा के वरिष्ठ नागरिकों, जिनकी वार्षिक आय 1.80 लाख रुपये से कम है, उन्हें नि:शुल्क पवित्र स्थलों की यात्रा करवाई जाती है। योजना के तहत हरियाणा से अयोध्या, वाराणसी, पटना साहिब, नांदेड़ साहिब, पुष्कर जी, वैष्णो देवी तथा शिरडी व शनि शिंगणापुर तीर्थ स्थलों की यात्रा करवाई जाती है। योजना का लाभ उठाने के लिए पात्र व्यक्ति तीर्थ यात्रा के लिए आधिकारिक पोर्टल पर पंजीकरण कर सकते हैं।
डीआईपीआरओ ने बताया कि इस वर्ष हरियाणा मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के तहत 26 मार्च को अंबाला से ट्रेन के माध्यम से श्रद्धालुओं को अयोध्या में श्रीराम मन्दिर दर्शन के लिए भिजवाया जाएगा। यात्रा को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी द्वारा अंबाला रेलवे स्टेशन से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया जाएगा। तय कार्यक्रम के अनुसार अंबाला से चलकर इस रेलगाड़ी का कुरुक्षेत्र, करनाल, पानीपत, सोनीपत व दिल्ली में भी ठहराव होगा जहां से निकटवर्ती जिलों के श्रद्धालुओं को ट्रेन में बिठाया जाएगा।
उन्होंने बताया कि अयोध्या दर्शन की इस चार दिवसीय यात्रा के लिए ट्रेन जिला करनाल से दोपहर बाद चलेगी जिसके लिए श्रद्धालुओं को दोपहर 1.30 बजे तक रेलवे स्टेशन अपने स्तर पर पहुंचना होगा। रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की सुविधा के लिए एक हेल्प डेस्क भी बनाया जाएगा। यहीं पर यात्रियों को विभाग द्वारा आई-कार्ड दिए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि अयोध्या दर्शन के लिए जाने वाले श्रद्धालु अपने साथ पर्याप्त मात्रा में दवाई, कपड़े, कंबल इत्यादि साथ लेकर जाएंगे। तीर्थ यात्रियों के लिए हरियाणा सरकार द्वारा 21 व 22 मार्च को रजिस्ट्रेशन करवाने के लिए पोर्टल खोला जाएगा। हरियाणा के निवासी जिनकी आयु 60 वर्ष से अधिक हो और उनकी पारिवारिक आय सालाना 1.80 लाख तक हो। इन दो दिनों में नया पंजीकरण करवाने वाले तीर्थ यात्री अपनी पंजीकरण स्लिप, दो पासपोर्ट साईज फोटो और आधार कार्ड की फोटो प्रति 23 मार्च तक प्रातः: 9 से सायं 5 बजे तक लघु सचिवालय में जिला सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी के कार्यालय, कमरा नं 19 में जमा करवाकर सूची में अपना नाम शामिल करवाना सुनिश्चित करें। जिन बुजुर्गों के साथ सहयोगी जाएंगे उनका भी पोर्टल पर पंजीकरण करवाना अनिवार्य है। साथ जाने वाले सहयोगियों को अपना खर्च स्वयं वहन करना होगा। उन्होंने बताया कि 60 वर्ष से अधिक आयु के पति-पत्नी में से किसी एक का रजिस्ट्रेशन होने पर दोनों साथ तीर्थ दर्शन के लिए यात्रा पर जा सकते हैं।
खाने-पीने व ठहरने की भी निशुल्क व्यवस्था
एक ट्रेन में 11 कोच होंगे। इनमें से 10 कोच श्रद्धालुओं के लिए और एक कोच सर्विंग स्टाफ के लिए रहेगा। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं के लिए खाने-पीने की व्यवस्था, नजदीकी रेलवे स्टेशन से श्रद्धालुओं को तीर्थ स्थल तक पहुंचाने के लिए बसों आदि का प्रबंध तथा ठहरने की व्यवस्था भी हरियाणा सरकार द्वारा निशुल्क की जाएगी।
