करनाल, 16 मार्च।   जिला खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले नियंत्रक (डीएफएससी)मुकेश कुमार ने बताया कि जिला में घरेलू गैस सिलेंडरों की कोई कमी नहीं है। जिला में सभी अधिकृत गैस एजेंसियों के माध्यम से उपभोक्ताओं को घरेलू गैस सिलेंडर नियमित रूप से उपलब्ध कराए जा रहे हैं और आपूर्ति व्यवस्था पूरी तरह सामान्य रूप से संचालित हो रही है।
उन्होंने बताया कि हरियाणा राज्य में एलपीजी गैस सिलेंडरों की आपूर्ति व्यवस्था सुव्यवस्थित एवं संतुलित है। वर्तमान में राज्य स्तर पर रिप्लेसमेंट रेट  लगभग 1.5 लाख सिलेंडर प्रतिदिन है, जबकि रिप्लेनिशमेंट रेट लगभग 2.5 लाख सिलेंडर प्रतिदिन है। जो दर्शाता है कि राज्य में गैस सिलेंडरों की पुनः: पूर्ति (रिफिलिंग) की दर उपभोक्ताओं को वितरित किए जा रहे सिलेंडरों की संख्या से अधिक है, जिससे घरेलू गैस की उपलब्धता पूरी तरह सुनिश्चित बनी हुई है।
उन्होंने बताया कि  रिप्लेसमेंट रेट का अर्थ उस प्रक्रिया से है, जिसमें उपभोक्ताओं द्वारा एजेंसी को लौटाए गए खाली गैस सिलेंडरों के बदले उन्हें भरे हुए गैस सिलेंडर उपलब्ध कराए जाते हैं। अर्थात किसी निर्धारित अवधि में जितने खाली सिलेंडरों के बदले भरे हुए सिलेंडर उपभोक्ताओं को दिए जाते हैं, उस कुल संख्या को रिप्लेसमेंट रेट कहा जाता है। यह दर यह दर्शाती है कि उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर कितनी संख्या में वितरित किए जा रहे हैं।
इसी प्रकार रिप्लेनिशमेंट रेट उस प्रक्रिया को दर्शाता है जिसके अंतर्गत खाली गैस सिलेंडरों को गैस बॉटलिंग प्लांट में भरकर पुन: आपूर्ति प्रणाली में भेजा जाता है। अर्थात प्रतिदिन जितने सिलेंडर गैस से भरकर एजेंसियों को उपलब्ध कराए जाते हैं, वह संख्या रिप्लेनिशमेंट रेट कहलाती है। यह दर यह बताती है कि आपूर्ति तंत्र में गैस सिलेंडरों की पुनः: पूर्ति कितनी तेजी और मात्रा में की जा रही है।
उन्होंने बताया कि जब किसी राज्य या जिले में रिप्लेनिशमेंट रेट, रिप्लेसमेंट रेट से अधिक होती है, तो इसका अर्थ यह होता है कि गैस सिलेंडरों की आपूर्ति पर्याप्त है और उपभोक्ताओं को गैस उपलब्ध कराने में किसी प्रकार की बाधा नहीं है। वर्तमान में हरियाणा में यही स्थिति है, क्योंकि प्रतिदिन लगभग 2.5 लाख सिलेंडर भरकर आपूर्ति तंत्र में भेजे जा रहे हैं, जबकि उपभोक्ताओं को लगभग 1.5 लाख सिलेंडर ही वितरित किए जा रहे हैं। इससे यह स्पष्ट है कि राज्य में गैस सिलेंडरों की उपलब्धता पर्याप्त है और भविष्य में भी किसी प्रकार की कमी की संभावना नहीं है।

बॉक्स: अनावश्यक रूप से गैस सिलेंडरों का अतिरिक्त न करें भंडारण
उन्होंने जिला वासियों से अनुरोध किया कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों या अपुष्ट सूचनाओं पर ध्यान न दें और अनावश्यक रूप से गैस सिलेंडरों का अतिरिक्त भंडारण न करें। सभी अधिकृत गैस एजेंसियों के माध्यम से घरेलू गैस सिलेंडर सामान्य रूप से उपलब्ध हैं और उपभोक्ताओं को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार समय पर वितरित किए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन एवं खाद्य एवं आपूर्ति विभाग द्वारा गैस सिलेंडरों की उपलब्धता एवं वितरण व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखी जा रही है, ताकि उपभोक्ताओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो और आपूर्ति व्यवस्था सुचारू रूप से बनी रहे।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *