पंचकूला। विदेश भेजने के नाम पर लोगों को ठगने के लिए बाप-बेटा इमिग्रेशन रैकेट चला रहे थे। पंचकूला पुलिस की एंटी इमिग्रेशन फ्राॅड यूनिट ने 71 वर्षीय श्यामलाल को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई इंग्लैंड से अमेरिका भेजने का झासा देकर पंजाब निवासी युवक से 28 लाख रुपये की ठगी के मामले में हुई है।

चंडीमंदिर थाना में मामला दर्ज किया गया था। शिकायतकर्ता ने बताया था कि 2023 में वह इंग्लैंड गया था, लेकिन वहां स्थायी रूप से रहने और रोजगार की समस्या के कारण अमेरिका जाना चाहता था। परिचितों के माध्यम से उसकी बातचीत वीर सिंह उर्फ मिट्टू उर्फ जान और उसके पिता श्यामलाल से हुई।
बाप-बेटे ने खुद को एजेंट बताते हुए उसे अमेरिका भेजने का भरोसा दिया। इस काम के लिए 30 लाख रुपये की मांग की, लेकिन बातचीत के बाद सौदा 25 लाख रुपये में तय हुआ। उसके पिता ने जमीन बेचकर और रिश्तेदारों से उधार लेकर आरोपितों को कुल 25 लाख रुपये दिए।

बाप-बेटे ने विदेश भेजने की प्रक्रिया शुरू करने का भरोसा दिलाया, लेकिन डंकी रूट के जरिए उसे कई देशों में भटकना पड़ा और इस दौरान आरोपितों ने तीन लाख रुपये भी दिलवाए। इस अवैध यात्रा के दौरान उसे फ्रांस, स्पेन और अन्य देशों में कठिन परिस्थितियों का सामना करना पड़ा।

अंततः मार्च 2025 में उसे भारत वापस भेज दिया गया। भारत लौटने के बाद जब उसने श्यामलाल और उसके बेटे से पैसे वापस मांगे, तो उन्होंने फोन उठाना बंद कर दिया और धमकियां देने लगे। शिकायत मिलने के बाद एंटी इमिग्रेशन फ्राॅड यूनिट ने मामले की जांच शुरू की। जांच के बाद श्यामलाल को गिरफ्तार किया गया।

डीसीपी सृष्टि गुप्ता ने बताया कि गिरफ्तार आरोपित को अदालत में पेश कर दो दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया गया है। आरोपित का बेटा अमेरिका में रहकर लोगों को विदेश भेजने का रैकेट चला रहा है, जिसके खिलाफ लुकआउट सर्कुलर जारी किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *