मिशन लाइफ भारत को आत्मनिर्भर और प्रकृति के करीब ले जाने का जन आंदोलन : प्रो. वीरेन्द्र पाल
कुवि में मिनिस्ट्री ऑफ एनवायरनमेंट, फॉरेस्ट एंड क्लाइमेट चेंज के ईआईएसीपी केन्द्र, डब्ल्यूडब्ल्यूएफ द्वारा मिशन लाइफ पर पैदल मार्च, जागरूकता सह प्रदर्शनी व ऑन द स्पाट पेंटिंग प्रतियोगिता आयोजित
कुवि कुलसचिव प्रो. वीरेन्द्र पाल ने कुवि परिसर में हरी झंडी दिखा पैदल मार्च को किया रवाना
कुरुक्षेत्र, 13 मार्च। 
कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. सोमनाथ सचदेवा के मार्गदर्शन में केयू परिसर में शुक्रवार को कुवि कुलसचिव लेफ्टिनेंट प्रो. वीरेन्द्र पाल ने मिनिस्ट्री ऑफ एनवायरमेंट, फॉरेस्ट एंड क्लाइमेट चेंज के ईआईएसीपी केन्द्र, डब्ल्यूडब्ल्यूएफ द्वारा मिशन लाईफ अभियान के तहत पैदल मार्च, जागरूकता सह प्रदर्शनी व ऑन द स्पॉट पेंटिंग प्रतियोगिता का उद्घाटन किया व हरी झंडी दिखाकर पैदल मार्च को रवाना किया। इस अवसर पर कुलसचिव लेफ्टिनेंट प्रो. वीरेन्द्र पाल ने कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के ईको क्लब की गतिविधियों का भी विधिवत शुभारंभ किया तथा मिशन लाइफ की सभी को शपथ दिलाई। पैदल मार्च में लगभग 150 विद्यार्थियों ने भाग लिया और 30 विद्यार्थियों ने ऑन द स्पाट प्रतियोगिता में भाग लिया। वहीं विभिन्न विभागों के 2000 से ज्यादा शिक्षकों, विद्यार्थियों व गैर-शिक्षक कर्मचारियों ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया और मिशन लाईफ की शपथ ली।
इस मौके पर कुलसचिव लेफ्टिनेंट प्रो. वीरेन्द्र पाल ने कहा कि युवा पर्यावरण के संरक्षण के लिए बेहतर कार्य कर सकते हैं। इसलिए ऐसे कार्यक्रमों में युवाओं की भागीदारी एक अहम पहल है। उन्होंने कहा कि मिशन लाइफ भारत को आत्मनिर्भर और प्रकृति के करीब ले जाने का जनआंदोलन साबित हो रहा है। 2021 में भारत ने यूनाईटेड नेशन के मंच से विश्व को पर्यावरण के लिए जीवन शैली का मंत्र दिया। इसी कड़ी में मिनिस्ट्री ऑफ एनवायरमेंट, फोरेस्ट एंड क्लाइमेट चेंज पर्यावरण संरक्षण के लिए बेहतर कार्य कर रहा है।
केयू छात्र कल्याण अधिष्ठाता व ईएनओ प्रो. एआर चौधरी ने डब्ल्यूडब्ल्यूएफ इंडिया के निदेशक जी अरिन्द्रन व उनकी टीम का स्वागत किया। उन्होंने मिशन लाइफ की थीम और एनवायरमेंट के प्रति हमारी जीवन शैली के बारे में चर्चा की। प्रो. एआर चौधरी ने सभी विद्यार्थियों को उनके जीवन में पर्यावरण के प्रति विशेष योगदान देने का आग्रह किया और आने वाले समय में सभी को पर्यावरण के प्रति संवेदनशील जीवन शैली के साथ जीने के लिए जागरूक किया।
इस अवसर पर कार्यक्रम के संयोजक प्राणी शास्त्र विभाग के प्रो. दीपक राय बब्बर ने बताया कि भारत के माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मिशन लाईफ कार्यक्रम को यूएन क्लाइमेट चेंज कॉन्फ्रेंस जो ग्लास्गो में हुई थी जिसे कोप 26 भी कहा जाता है, इसमें दुनिया के सामने पेश किया था। डॉ. दीपक राय बब्बर ने बताया कि यह कार्यक्रम मिनिस्ट्री ऑफ एनवायरनमेंट, फॉरेस्ट एंड क्लाइमेट चेंज के ईआईएसीपी प्रोग्राम के सहयोग से वर्ल्ड वाइड फंड फॉर नेचर (डब्ल्यूडब्ल्यूएफ) इंडिया और कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया गया। प्रो. दीपक राय बब्बर ने बताया कि 28 मार्च को यह सभी छात्र अर्थ आवर प्रोग्राम में भी भाग लेंगे और विश्व अभियान का हिस्सा बनेंगे।
इस अवसर पर छात्र कल्याण अधिष्ठाता प्रो. एआर चौधरी, डीन लाइफ साइंस प्रो. जसबीर ढांडा, प्रो. परमेश कुमार, प्रो. दीपक राय बब्बर, डॉ. गुरचरण सिंह, डॉ. रमेश कुमार, डॉ. राजकमल, डॉ. मीनाक्षी सुहाग, डॉ. ओपी ठाकुर, डॉ. हरदीप राय, डॉ. पूजा, डॉ. बलिन्द्र सिंह, डॉ. संदीप गुप्ता, डॉ. राजेश रंगा, कंवर सिंह आदि मौजूद थे।
ऑन द स्पॉट पेंटिंग के विजेता प्रतिभागी हुए सम्मानित

कार्यक्रम के दौरान ऑन द स्पॉट पेंटिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया जिसमें विधि विभाग से निवेदिता शर्मा, रसायन विभाग से कृपा और तानिया की पेंटिंग को सर्वश्रेष्ठ तीन पेंटिंग्स का पुरस्कार मिला। इसके अतिरिक्त आईआईएचएस विभाग से प्राची और वर्षा व एमएससी बॉटनी की अक्षिता की पेंटिंग को सांत्वना पुरस्कार मिला। वहीं पैदल मार्च के प्रतिभागियों को टी-शर्ट एवं शिक्षकों को जूट बैग व सभी प्रतिभागियों को कॉटन का थैला दिया गया ताकि वे जीवन में इन वस्तुओं को उपयोग करके पर्यावरण को बचा सकें।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *