करनाल, कांग्रेस के शहरी जिलाध्यक्ष पराग गाबा ने भाजपा सरकार पर विकास को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा ने सत्ता में आने से पहले जनता को बड़े-बड़े सपने दिखाए, लेकिन कई वर्षों के बाद भी करनाल में विकास के नाम पर कोई ठोस काम दिखाई नहीं देता। भाजपा ने झूठे वादों के सहारे जनता से वोट हथियाने का काम किया है। गाबा ने कहा कि करोड़ों रुपये की लागत से बना करनाल का कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज अस्पताल सफेद हाथी बनकर रह गया है। मेडिकल कॉलेज से बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं की उम्मीद थी, लेकिन अस्पताल में विशेषज्ञ डॉक्टरों की भारी कमी है। आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध न होने के कारण मरीजों को रेफर किया जा रहा है, जिससे गरीब और मध्यम वर्ग के लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं की यह बदहाली सीधे तौर पर आम जनता के साथ अन्याय है। सरकार को चाहिए कि वह मेडिकल कॉलेज में डॉक्टरों की कमी को शीघ्र पूरा करें, ताकि लोगों को अपने ही जिले में बेहतर इलाज मिल सके। वहीं पराग गाबा ने प्रदेश में बढ़ती बेरोजगारी पर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि आज प्रदेश का युवा सबसे अधिक परेशान है। पढ़े-लिखे युवक-युवतियां रोजगार की तलाश में भटक रहे हैं, लेकिन सरकार के पास रोजगार सृजन को लेकर कोई ठोस नीति नहीं है। इसके चलते युवाओं का भविष्य अंधकार की ओर जा रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जनता के साथ खड़ी है और उनके मुद्दों को लगातार उठाती रहेगी।
