मनरेगा में बदलाव मजदूर और किसानों के हित में : कल्याण
करनाल, 8 फरवरी।
 हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सोच के अनुरूप भारत को 2047 तक विकसित राष्ट्र बनाने के लिए  जरूरी है कि हर व्यक्ति अपने पैरों पर खड़ा हो। धरातल पर गांवों को मजबूत करना जरूरी है। गांव देश की तरक्की की जड़ हैं। प्रधानमंत्री चाहते हैं कि मजदूरों के हाथों में काम हो और स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से महिलाएं मजबूत हों। इसी कड़ी में किसानों व मजदूरों के हक में मनरेगा में बदलाव करके इसे वीबी-जी राम जी किया गया है। इस बदलाव से श्रमिकों को न केवल 100 की बजाय वर्ष में 125 दिन रोजगार की गारंटी हासिल होगी बल्कि उन्हें भुगतान भी हर हफ्ते प्राप्त होगा। इसमें केंद्र की हिस्सेदारी 60 और राज्य की 40 प्रतिशत सुनिश्चित की गई है। फसल सीजन के 60 दिनों में काम पर विराम रहेगा ताकि किसानों को खेती के लिए मजदूर उपलब्ध हो सकें।
श्री कल्याण आज घरौंडा हलके के गांव फुरलक और बसताड़ा के आरपीआईआईटी कॉलेज में आयोजित जी राम जी सम्मेलन में बतौर मुख्य अतिथि बोल रहे थे। इस मौके पर उनका पुष्प गुच्छ देकर,पगड़ी पहनाकर और अंग वस्त्र भेंट कर स्वागत किया गया। श्री कल्याण ने इस मौके पर हलके में पिछले 11 सालों में कराए गए मुख्य विकास कार्यों की जानकारी दी। फुरलक वासियों की पुरानी मांग को पूरा करते हुए यहां की सडक़ को 9 से 18 और फिर 35 फुट चौङ़ी कराया गया। उन्होंने बताया कि हलके में मेडिकल यूनिवर्सिटी, एनसीसी अकादमी और स्वयं सहायता समूह की महिलाओं के लिए ट्रेनिंग सेंटर का निर्माण जारी है। कई गांवों में एसएचजी की महिलाओं के लिए चौपाल/ दफ्तर बनवाए गए हैं। क्षेत्र के 17 स्कूलों को क्रमोन्नत करके सीनियर सेकेंडरी के अलावा लड़कियों के लिए कॉलेज, आईटीआई, 75 नई सडक़ें, सैकड़ों खेतों के रास्ते, फिरनी, करनाल में नई चीनी मिल आदि बनवाए गए हैं।  घरौंडा में रेलवे से जमीन लेकर रास्ते का निर्माण कराने से करीब डेढ दर्जन गांवों को फायदा हुआ है। दूसरी आईटीआई यमुना बेल्ट में बनने जा रही है। उन्होंने बताया कि बाढ़ से बचाव के लिए कि यमुना तट पर स्टड मजबूत किए गए हैं। विकास की यह गति भविष्य में भी जारी रहेगी।
उन्होंने कहा कि एक समय ऐसा था जब हरियाणा में सरकारी नौकरियां केवल सिफारिश पर मिलती थी। पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल द्वारा की गई व्यवस्था परिवर्तन के परिणाम स्वरूप आज मेरिट पर नौकरियां मिल रही हैं। उन्होंने कहा कि सुधार के लिए बदलाव करने पड़ते हैं। पता चलने पर कमियों को भी दूर किया जा रहा है। श्री कल्याण ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी  किसानों, मजदूरों व गरीबों का दर्द समझते हैं। 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी चाहते हैं कि हर व्यक्ति पैरों पर खड़ा हो। वे घोटालों को खत्म करने में लगे हैं। रोजाना 18 घंटे काम करते हैं। योजनाओं का पैसा आज पात्र लोगों के खातों में पहुंच रहा है। केंद्र और राज्य सरकार जनता की भलाई के लिए काम कर रही है। जो मेहनत करके आगे नहीं बढ़ाना चाहते वही जनता को गुमराह करते हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे जी राम जी के मुद्दे पर विपक्ष के बहकावे में न आएं। राष्ट्र को मजबूत करने के लिए प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के हाथ मजबूत करें। मनरेगा में बदलाव किसानों और मजदूरों की भलाई के लिए किया गया है। नौजवानों से नशे से दूर रहने और मेहनत के संस्कार अपनाने की अपील की।
इस मौके पर जिला प्रभारी भारत भूषण, पूर्व चेयरपर्सन निर्मल बैरागी, पुनीत, सतबीर आदि ने विचार रखे। सम्मेलन में एसडीएम राजेश सोनी, बीडीपीओ सतबीर खटकड़, घरौंडा नगर पालिका चेयरमैन हैप्पी लक गुप्ता, भाजपा जिला महामंत्री सुभाष कश्यप, मंडल अध्यक्ष रोहित भंडारी, देवेंद्र शर्मा, तरसेम, राजेश जोगी पुंडरी, नरेंद्र लाठर आदि मौजूद रहे।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *