सुखद भविष्य व उज्ज्वल भविष्य की कामना की
करनाल, 23 जनवरी। 
घरौंडा अनाज मंडी में आज शिव शक्ति सेवा मंडल की ओर से 24 वां सामूहिक विवाह समारोह आयोजित किया गया। इसमें 11 जोड़े परिणय सूत्र में बंधे। मुख्य अतिथि हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने इन जोड़ों को आशीर्वाद देते हुए उनके सुखद व उज्ज्वल भविष्य की कामना की। समाजसेवी सुभाष तोमर ने बतौर विशिष्ट अतिथि भाग लिया।
बसंत पंचमी के अवसर पर शिव शक्ति सेवा मंडल घरौंडा की ओर से आज 24 वां सामूहिक विवाह समारोह आयोजित किया गया। शिव शक्ति सेवा मंडल की ओर से हर साल ऐसा समारोह आयोजित किया जाता है। इससे पहले 265 युवक-युवतियां का विवाह संपन्न कराया जा चुका है। विवाह के लिए क्षेत्र के पात्र एवं जरूरतमंद युवक-युवतियां से पहले फार्म भराया जाता है। इसके बाद सेवा मंडल के सदस्य गांवों में जाकर पात्र युवक-युवतियों की उम्र, पृष्ठभूमि आदि की जांच करते हैं। फिर प्राथमिकता अनुसार उनका चयन किया जाता है।
समारोह के मुख्य अतिथि हरविन्द्र कल्याण ने इस मौके पर कहा कि आज बसंत पंचमी भी है, ऊपर से इंद्र देवता भी मेहरबान है। उन्होंने विवाह बंधन में बंधे युवक-युवतियों के सुखद व उज्ज्वल भविष्य की कामना की। साथ ही ऐसे शुभ आयोजन के लिए शिव शक्ति सेवा मंडल को भी शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रमों में समाज के सभी संपन्न लोगों को सहयोग करना चाहिए। यह एक पुण्य का कार्य है। उन्होंने कहा कि शिव शक्ति सेवा मंडल को किसी भी प्रकार के सहयोग की जरूरत हो तो उन्हें बता सकते हैं। इस मौके पर मुख्य अतिथि को सेवा मंडल की ओर से स्मृति चिन्ह भेंट किया गया।
समारोह में दूल्हा व वर पक्ष के लोग सुबह 11 बजे सनातन धर्म मंदिर में एकत्र हुए। वहां से दुल्हों को विवाह स्थल तक घोड़ी पर बैंड-बाजों के साथ वेदी तक लाया गया। जयमाला के बाद फेरों की रस्म आयोजित की गई।
जरूरी सामान दिया
शिव शक्ति सेवा मंडल की ओर से प्रत्येक जोड़े को फ्रिज, एलईडी, डबल बैड, अलमारी, सेंटर टेबल, बडी पेटी, ड्रेसिंग टेबल, प्रेस, सिलाई मशीन, सीनरी, कंबल, दो कुर्सी, छत का पंखा, जेंटस व लेडीज घड़ी, कुकर, लेमन सेट, 51 बर्तन, कार्डीगन, शॉल, तकिया जोड़ा, आटा ड्रम, टोकरी, मग, रजाई, जूते, छतरी, लेडिज पर्स, प्लास्टिक चौकी, लाल चुन्नी, 81 सूट व साड़ी, 25 जेंटस सूट, स्टील का टोकरा, सिंगार दान, मोगरी, चकला-बेलन, तोलिया, चद्दर, साबुन-सर्फ, ब्रुश-पेस्ट, 5 किलो भाजी, वर की चैन व अंगूठी, वधू के लिए मंगलसूत्र, पायजेब, अंगुठी चुटकी, कोका, प्लास्टिक का सामना, रुमाल, खाने का डिब्बा, अटैची, छोटी पेटी, दीवार घड़ी, गद्दा जैसा सामान उपलब्ध कराया गया।
सुभाष तोमर की ओर से प्रत्येक जोड़े को फ्रिज व एलईडी दी गई।
विवाह स्थल के पास ही करीब 2 हजार लोगों के लिए लंगर की व्यवस्था की गई थी।
ये रहे मौजूद
इस मौके पर समिति के प्रधान देवेंद्र, सचिव अशोक भटनागर, कोषाध्यक्ष धीरज भाटिया, मुख्य सलाहकार राजेंद्र सिंगा व पुष्कल ठक्कर, मार्केट कमेटी के चेयरमैन राजकुमार पालीवाल, नगर पालिका चेयरमैन हैप्पी लक गुप्ता, मंडल अध्यक्ष रोहित भंडारी, अनिल गर्ग आदि मौजूद रहे।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *