बसंत पंचमी पर भक्तों ने श्री खाटू श्याम मंदिर में पहुंचकर की परिवार के लिए सुख-समृद्धि की कामना
करनाल, 23 जनवरी। शहर की पुरानी अनाज मंडी स्थित श्री खाटू श्याम मंदिर में बसंत पंचमी का पावन पर्व अत्यंत श्रद्धा, भक्ति और हर्षोल्लास के वातावरण में मनाया गया। सुबह से लगातार हो रही बारिश के बावजूद श्रद्धालुओं की आस्था में कोई कमी नहीं आई और बड़ी संख्या में भक्त मंदिर पहुंचकर बाबा श्याम के दर्शन कर अपने परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना करते नजर आए।बसंत पंचमी के अवसर पर मंदिर परिसर एवं बाबा श्याम के दिव्य स्वरूप को रंग-बिरंगे और सुगंधित फूलों से भव्य एवं आकर्षक ढंग से सजाया गया, जिससे मंदिर परिसर अलौकिक छटा बिखेरता रहा। मंदिर में पूरे दिन भक्तों की आवाजाही बनी रही और जय श्री श्याम के जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो उठा।पर्व के उपलक्ष्य में मंदिर में विशेष भजन-कीर्तन एवं का आयोजन किया गया। मधुर भजनों पर श्रद्धालु झूमते नजर आए। बसंत पंचमी के शुभ अवसर पर बाबा श्याम के वस्त्र विधिवत रूप से बदले गए तथा श्रद्धालुओं को बाबा श्याम के पावन वस्त्रों का बागा प्रसाद स्वरूप वितरित किया गया, जिसे भक्तों ने श्रद्धा भाव से ग्रहण किया।इस अवसर पर श्री खाटू श्याम मंदिर के मुख्य सेवक देसराज गुप्ता ने सभी श्रद्धालुओं को बसंत पंचमी पर्व की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि पुरानी अनाज मंडी स्थित श्री खाटू श्याम मंदिर न केवल करनाल बल्कि आसपास के क्षेत्रों सहित दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र है। यहां आने वाले भक्त बाबा श्याम के दर्शन कर अपनी मनोकामनाओं की पूर्ति की प्रार्थना करते हैं और बाबा की कृपा से उनके जीवन में सुख-समृद्धि आती है।कार्यक्रम के दौरान मंदिर में श्रद्धालुओं की सुविधाओं के लिए विशेष प्रबंध किए गए थे। सेवकों और स्वयंसेवकों द्वारा श्रद्धालुओं को कतारबद्ध कर दर्शन करवाए गए, जिससे व्यवस्था सुचारू बनी रही। इस अवसर पर मंदिर के मुख्य सेवक देसराज गुप्ता, राजेश गर्ग, महेंद्र गुप्ता, अनिल गर्ग, राम करण गोयल, अशोक सिंघला, अनुपम त्रिपाठी, पंडित उमेश पांडे, पवन गुप्ता, राजेश सिंघला, हरीश सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *