कुरुक्षेत्र, 19 जनवरी । बीजेपी ने प्रदेश की कानून व्यवस्था और अर्थव्यवस्था का बंटाधार कर डाला है। ये कहना है पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा का। हुड्डा सोमवार को लगातार दूसरे दिन कुरुक्षेत्र में चल रहे कांग्रेस के ट्रेनिंग कैंप को संबोधित कर रहे थे। इसके बाद उन्होंने पत्रकार वार्ता को भी संबोधित किया। उनके साथ प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह, पूर्व मंत्री व विधायक अशोक अरोड़ा,रामकरण काला, मनदीप छठा समेत कई विधायक व वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। राव नरेंद्र सिंह ने कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी दी।
पत्रकारों को संबोधित करते हुए हुड्डा ने कहा कि आज प्रदेश में संगठित अपराध चरम पर है। बदमाश बेखौफ होकर वारदातें कर रहे हैं और वो वारदातों को अंजाम देने के बाद बाकायदा उनकी जिम्मेदारी लेते हैं। राज्य में ऐसी 80 से ज्यादा गैंग सक्रिय हैं, जो हत्या, लूट, डकैती और फिरौती की वारदातों को अंजाम दे रही हैं। खुद केंद्र सरकार का सामाजिक प्रगति सूचकांक बताता है कि हरियाणा देश का सबसे असुरक्षित राज्य है।
हुड्डा ने कहा कि बीजेपी सिर्फ इवेंट मैनेजमेंट की सरकार है, जो प्रचार पर केंद्रित है, लेकिन जमीन से गायब है। इसीलिए हरियाणा की आर्थिक स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। 1966 से 2014 तक प्रदेश का कुल कर्ज 60 हजार करोड़ था, जो अब 5 लाख करोड़ से ज्यादा हो चुका है। इसके चलते नीति आयोग के फिस्कल हेल्थ इंडेक्स में हरियाणा 18 राज्यों में 14वें स्थान पर है। 2018-19 से अब तक हरियाणा में 1446 फैक्ट्रियां या तो बंद हो गई हैं या पलायन कर गई हैं। इसके चलते प्रदेश में रोजगार सृजन नहीं हो पा रहा और बेरोजगारी चरम पर है।
इससे पहले पार्टी पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए हुड्डा ने कांग्रेस के इतिहास, नीति व विचारधारा के बारे में बताया। उन्होंने जिला अध्यक्ष चुने जाने पर तमाम नेताओं को बधाई दी और उम्मीद जताई कि सभी लोग सम्पूर्ण निष्ठा, निष्पक्षता और निडरता से अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन करेंगे।
हुड्डा ने बताया कि कांग्रेस में जिला अध्यक्ष प्रतिष्ठा और गौरव का पद है। बहुत सारे राष्ट्रीय नेताओं और राज्य में नेताओं ने, जैसे सर चौ. छोटूराम, चौ. बंसीलाल जी, श्री बनारसी दास गुप्ता आदि ने इस पद को सुशोभित किया है।
इस परीक्षण में सबसे पहले आपको यह गर्व अनुभव और आत्मसात करना है कि आप भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के संघर्ष, त्याग और बलिदान की गौरवमयी विरासत के वारिस हैं। कांग्रेस सिर्फ एक पार्टी नहीं, बल्कि एक संस्कृति एवं आदर्श विचार है।
आपको याद रखना है कि भारत के स्वतंत्रता संग्राम का गौरवशाली इतिहास कांग्रेस के संघर्ष, बलिदान और त्याग की कहानी बताता है। ये दोनों अलग-अलग नहीं हैं। इसलिए हमें स्वतंत्रता संग्राम के महापुरुषों का स्मरण कर उनसे प्रेरणा लेनी चाहिए। डा. अम्बेडकर ने कहा था कि जो देश और समाज अपने महापुरुषों और अपने इतिहास को भुला देता है, वो नया इतिहास नहीं बना सकता और उसका पतन निश्चित है।
हमारे राष्ट्रीय नेताओं ने गांधी जी के नेतृत्व में देश की विविधताओं और विभिन्नताओं जैसे सभी धर्मों, क्षेत्रों ,भाषाओं, बोलियों, संस्कृतियों और विचारधाराओं को एक सूत्र में पिरो कर एक शास्वत सहमति से राष्ट्र का निर्माण किया- एक झंडा, एक राष्ट्रगान, एक राष्ट्र चिह्न, एक राष्ट्रगीत और एक संविधान देकर सभी भारतीयों को गरिमा, समानता, स्वतंत्रता और बंधुता का जीवन जीने का अधिकार दिया। हम सब ब्रिटिश प्रथा की जगह स्वतंत्र भारत के नागरिक बन गए।
स्वतंत्रता के पश्चात भी हमारे नेताओं ने अनपढ़ता, गरीबी, अभाव और हर प्रकार के पिछड़ेपन के विरुद्ध संघर्ष छेड़ा। नेहरू जी के नेतृत्व में विकास के साथ-साथ जन जीवन में लोकतांत्रिक मूल्यों, मान्यताओं, आदर्शों की भी स्थापना की।
हरियाणा की बात करें तो भगवत दयाल शर्मा से लेकर चौधरी बंसीलाल जी और चौधरी भजनलाल जी तक, कांग्रेस की सरकारों ने हरियाणा को देश का अग्रणि राज्य बनाने के लिए महत्वपूर्ण योगदान दिया। जब मुझे दो बार मुख्यमंत्री के तौर पर सेवा करने का सौभाग्य मिला तो हमारी सरकार ने वो कार्य करवाए, जो मील का पत्थर साबित हुए। हमने हरियाणा को प्रति व्यक्ति आय, प्रति व्यक्ति निवेश, रोजगार सृजन, कानून व्यवस्था, खिलाड़ियों व किसानों के सम्मान समेत विकास के हर पैमाने पर देश का नंबर वन राज्य बनाया।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *