संस्थागत श्रेणियों में एक लाख रुपये व व्यक्तिगत श्रेणियों में 50 हजार रुपये तक के पुरस्कार
करनाल, 6 जनवरी। 
  अतिरिक्त उपायुक्त योगेश मेहता ने बताया कि हरियाणा सरकार बुजुर्गों को मान-सम्मान देने और समाज निर्माण में उनके अनुभव का लाभ उठाने के लिए निरंतर ठोस कदम उठा रही है। इसी कड़ी में हरियाणा सरकार द्वारा वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान और उनके कल्याण के लिए वर्ष 2025-26 के लिए वरिष्ठ नागरिक सम्मान पुरस्कार योजना के तहत आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इच्छुक व्यक्ति या संस्थाएं विभाग के पोर्टल https://award.socialjusticehry-gov.in/ पर 12 जनवरी, 2026 की रात 11.59 बजे तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
उन्होंने बताया कि यह योजना समाज सेवा, कला, खेल और बहादुरी जैसे क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले बुजुर्गों को एक नई पहचान और प्रोत्साहन प्रदान करेगी। योजना के तहत विभिन्न श्रेणियों जैसे शतवर्षीय पुरस्कार, श्रेष्ठ माता, शौर्य और बहादुरी, आजीवन उपलब्धि के साथ-साथ वरिष्ठ पेंटर, मूर्तिकार, संगीतकार और खिलाडिय़ों को सम्मानित किया जाएगा। इसके अलावा, श्रेष्ठ पंचायत पुरस्कार, श्रेष्ठ स्वैच्छिक संगठन पुरस्कार, श्रेष्ठ वृद्धाश्रम और श्रेष्ठ दैनिक देखभाल केन्द्र को भी पुरस्कृत किया जाएगा। पुरस्कार के रूप में कला और खेल श्रेणियों के लिए प्रथम पुरस्कार 50 हजार रुपये, द्वितीय पुरस्कार 30 हजार रुपये और तृतीय पुरस्कार 20 हजार रुपये निर्धारित है। इसी प्रकार, संस्थागत श्रेणियों (जैसे श्रेष्ठ पंचायत और एनजीओ) के लिए प्रथम पुरस्कार एक लाख रुपये, द्वितीय 75 हजार रुपये और तृतीय पुरस्कार 50 हजार रुपये प्रदान किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि इच्छुक व्यक्ति या संस्थाएं अपनी उपलब्धियों के प्रमाण पत्र और दस्तावेजों सहित विभाग के पोर्टल https://award.socialjusticehry-gov.in/ पर 12 जनवरी, 2026 की रात 11.59 बजे तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि जिन व्यक्तियों या संस्थाओं ने पिछले तीन वर्षों के दौरान यह पुरस्कार प्राप्त किया है, वे उसी श्रेणी में दोबारा आवेदन के पात्र नहीं होंगे।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *