राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में 7 दिवसीय एनएसएस शिविर का किया आयोजन
पिहोवा, 28 दिसंबर। राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय पिहोवा में एनएसएस 7 दिवसीय शिविर का आयोजन किया गया। इस 7 दिवसीय एनएसएस कार्यक्रम का जिला परिषद की चेयरमैन कंवलजीत कौर ने दीप प्रज्ज्वलित करके विधिवत रूप से शुभारंभ किया।
जिप चेयरमैन कंवलजीत कौर गत दिवस राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय पिहोवा में 7 दिवसीय एनएसएस शिविर का उद्घाटन करने उपरांत छात्राओं को सम्बोधित कर रही थी। इससे पहले जिप चेयरमैन कंवलजीत कौर ने दीप शिखा प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) छात्रों के व्यक्तित्व विकास में सामुदायिक सेवा के माध्यम से महत्वपूर्ण योगदान देता है। उन्हें सामाजिक मुद्दों के प्रति जागरूक करता है, नेतृत्व क्षमता विकसित करता है और व्यावहारिक अनुभव प्रदान करता है, जिससे वे जिम्मेदार नागरिक बनते हैं, सहानुभूति सीखते हैं और समाज के कमजोर वर्गों के उत्थान में सक्रिय भूमिका निभाते है।
एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी दिव्या रानी द्वारा एनएसएस के लक्ष्यों, इसके लाभ को कार्यक्रम में उपस्थित मेहमानों व छात्राओं के समक्ष प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय सेवा योजना के माध्यम से छात्राएं किस प्रकार अपने जीवन में अनुशासन, सेवा भावना को सम्माहित कर सकती है, जो उन्हें आने वाले उनके समय में बहुत लाभदायक सिद्ध होंगे।
विद्यालय प्राचार्य बलवीर कौशिक द्वारा आए हुए अतिथियों का फूल माला और स्मृति चिन्ह देकर स्वागत किया गया। मोहन थाना द्वारा शिविर के बेहतर तरीके से संचालन के लिए विद्यालय स्टाफ और छात्राओं की प्रशंसा की गई व उन्हें जीवन में सही रास्ते पर चलते हुए उन्नति करने का महत्व बताया गया। छात्राओं द्वारा वीर बाल दिवस के अवसर पर शब्द, कविता और गीत के माध्यम मे चार साहिबजादों और उनके द्वारा दिए गए बलिदान का महत्व बताया गया।
इस अवसर पर विश्वबंधु कौशिक, कविता गनी, मीनू बंसल, राजविंदर कौर, क्षितिज शर्मा, संजीव जिंदल और अन्य स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे।
