अम्बाला, 21 दिसंबर।
प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना (पीएमएफबीवाई ) के तहत रबी 2025-26 के लिए  फसलों का बीमा 1 दिसंबर से प्रारंभ हो चुका है और बीमा करवाने की अंतिम तिथि 31 दिसंबर 2025 निर्धारित की गई है। यह जानकारी डीसी अजय सिंह तोमर  ने दी।
डीसी ने  जिला के किसानों का आह्वान किया कि वे इस बीमा योजना का लाभ उठाते हुए अपनी फसलों का बीमा अवश्य करवाएं। उन्होंने बताया कि प्रदेश  सरकार द्वारा  जिला में योजना के बेहतर क्रियान्वयन हेतु बीमा कंपनी को  अधिकृत किया गया है। कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के उपनिदेशक डा जसविन्द्र सिंह सैनी ने जानकारी देते हुए बताया कि रबी 2025-26 में गेहूं, सरसों, जौ, चना और सूरजमुखी को बीमित फसलों की श्रेणी में शामिल किया गया है।
उन्होंने बताया कि गेहूं 487.86, सरसों 327.44, जौ 310.91,चना 239.79, सूरजमुखी 330.75 रूपये प्रति एकड़ दरें निर्धारित की गई हैं। जिन किसानों को अपनी फसलों का बीमा करवाना है, वे अपने आधार कार्ड, बैंक पासबुक, नवीनतम भूमि रिकॉर्ड/जमाबंदी, बुआई प्रमाण पत्र तथा ‘मेरी फसल मेरा ब्यौरा’ सहित संबंधित बैंक या सीएससी केंद्र (जन सेवा केंद्र) के माध्यम से बीमा करवा सकते हैं। यह योजना सभी किसानों के लिए स्वैच्छिक है।
उन्होंने बताया  कि यदि कोई ऋणी किसान बीमा नहीं करवाना चाहता, तो उसे अपने ऋणदाता बैंक में कट ऑफ डेट से 7 दिन पहले (24 दिसंबर 2025) तक लिखित घोषणा पत्र देना अनिवार्य है। इसके अलावा, फसल परिवर्तन करवाने वाले किसान 29 दिसंबर 2025 तक अपने ऋणदाता बैंक में फसल परिवर्तन करवा सकते हैं। उन्होंने बताया कि किसान अधिक जानकारी के लिए  कृषि रक्षक पोर्टल, हेल्पलाइन नंबर 14447 तथा  उप निदेशक कृषि कार्यालय, सांख्यिकी शाखा, उपमंडल कृषि अधिकारी एवं खंड कृषि अधिकारी कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *