विधायक ने  2 करोड़ की लागत से असंध सब्जी मंडी के शिफ्टिंग कार्य का किया उद्घाटन

असंध/करनाल, 22 नवंबर।  विधायक योगेन्द्र राणा ने आज असंध सब्जी मंडी के बहुप्रतीक्षित शिफ्टिंग कार्य का विधिवत उद्घाटन किया। असंध सब्जी मंडी को शिफ्ट करने से स्थानीय निवासियों और व्यापारियों को बड़े पैमाने पर लाभ मिलेगा, जिससे क्षेत्र में बेहतर यातायात प्रबंधन और सुगमता सुनिश्चित होगी।
बता दें कि असंध सब्जी मंडी को शिफ्ट करने का विषय लंबे समय से विचाराधीन था। विधायक योगेन्द्र राणा ने इसकी गंभीरता को समझते हुए, न केवल स्थानीय स्तर पर, बल्कि बजट सत्र में विधानसभा के पटल पर भी इस मांग को पुरजोर तरीके से उठाया था। राज्य सरकार ने इस कार्य के लिए लगभग 2 करोड़ का बजट आवंटित किया है और मार्च 2026 तक कार्य पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
इस अवसर पर उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए विधायक योगेन्द्र राणा ने अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने कहा कि जनता की प्रत्येक मांग को पूरा करना मेरी प्राथमिकता है। मैं हर मांग को पूरा करने का प्रयास करूंगा और जनता के हित के कार्यों में कोई कोताही नहीं बरती जाएगी। उन्होंने कहा कि मुझे 36 बिरादरियों ने आशीर्वाद देकर प्रदेश की सबसे बड़ी पंचायत में भेजने का कार्य किया है। मैं उनकी प्रत्येक मांग को अपना धर्म और कर्म मानकर, पूरे फर्ज के साथ उनकी आवाज को सदन में उठाने का कार्य करूंगा।
इस अवसर पर चेयरमैन नगर पालिका असंध सुनीता अरड़ाना, मार्किट समिति के प्रधान प्रवीण राणा, उप-प्रधान राम अवतार, असंध भाजपा के मंडल अध्यक्ष हिमांशु छाबड़ा, असनध विधानसभा बीएलए-1 अमित राणा, मंडी प्रधान नरेंद्र गर्ग, महामंत्री मोहित जिंदल, प्रमोद गुप्ता, अजय मास्टर, बलवीर सिंह पोपड़ा, नाथी राम सालवन सहित भाजपा के कार्यकर्ता व मंडी के व्यापारी गण उपस्थित रहे।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *