सर बीएन राव की पुण्यतिथि पर हर ब्राह्मण करेगा नमन
बोले : भाईचारे को खराब करने वाले लोग अपनी हरकतों से बाज आएं
करनाल 6 नवंबर। हरियाणा ब्राह्मण खाप के प्रदेश अध्यक्ष अशोक शर्मा ने कहा कि 30 नवम्बर को संविधान निर्माता, महान न्यायविद् और ब्राह्मण समाज के गौरव ब्राह्मण शिरोमणि सर बी.एन. राव की पुण्यतिथि पूरे हरियाणा में श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई जाएगी। इस दिन हर ब्राह्मण अपने इस महान पूर्वज को नमन करेगा। अशोक शर्मा करनाल ब्राह्मण धर्मशाला में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।
अशोक शर्मा ने कहा कि संविधान निर्माता बी.एन. राव ही भारत के असली संविधान निर्माता थे, जिन्होंने संविधान सभा को वैधानिक, बौद्धिक और नैतिक दिशा प्रदान की। उनके मार्गदर्शन के बिना भारतीय संविधान का स्वरूप अधूरा होता। उन्होंने आधुनिक न्याय व्यवस्था की नींव रखी और अपने ज्ञान, निष्ठा और कर्म के बल पर भारत की विधिक सोच को नई ऊँचाइयाँ दीं।
उन्होंने कहा कि संविधान निर्माता सर बीएन राव न केवल एक महान विधिवेत्ता थे, बल्कि सच्चे राष्ट्रभक्त भी थे, जिन्होंने कभी पद, लाभ या प्रसिद्धि की चिंता नहीं की, बल्कि अपने जीवन को पूरी तरह राष्ट्र सेवा के लिए समर्पित किया। उनका जीवन सादगी, सत्यनिष्ठा और समर्पण का प्रतीक था।
पत्रकारों से बातचीत करते हुए ब्राह्मण खाप के प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि 30 नवम्बर को राज्यभर में श्रद्धांजलि सभाएँ आयोजित की जाएँगी, जिनमें युवाओं को संविधान निर्माता संविधान निर्माता सर बी.एन. राव के जीवन, विचारों और योगदान से परिचित कराया जाएगा ताकि नई पीढ़ी अपनी विरासत पर गर्व कर सके और राष्ट्रहित में योगदान देने की प्रेरणा प्राप्त करे।
अशोक शर्मा ने कहा कि आज जब समाज दिशा भ्रम की स्थिति में है, तब संविधान निर्माता बी.एन. राव जैसे महापुरुषों के आदर्श हमारे लिए प्रकाश स्तंभ की तरह हैं। उन्होंने सिद्ध किया कि ज्ञान ही सबसे बड़ी शक्ति है और ब्राह्मण समाज सदैव राष्ट्र निर्माण की धुरी रहा है।
उन्होंने यह भी कहा कि भाईचारे को खराब करने वाले लोग अपनी हरकतों से बाज आएं। ब्राह्मण समाज एकता, शिक्षा, संस्कार और राष्ट्र निर्माण के पथ पर अग्रसर है और किसी भी प्रकार की नकारात्मकता को स्वीकार नहीं करेगा। समाज में शांति और सौहार्द बनाए रखना ही आज की सबसे बड़ी आवश्यकता है।
अंत में अशोक शर्मा ने संकल्प लिया कि आने वाले वर्षों में संविधान निर्माता सर बी.एन. राव जैसे महान विभूतियों की जयंती और पुण्यतिथि पर भव्य आयोजन किए जाएँगे ताकि ब्राह्मण समाज अपनी गौरवशाली परंपराओं और मूल्यों से जुड़ा रहे। उन्होंने कहा कि संविधान निर्माता सर बी.एन. राव का नाम भारतीय इतिहास में स्वर्ण अक्षरों में सदैव अंकित रहेगा। ब्राह्मण समाज उनके दिखाए मार्ग पर चलकर ही राष्ट्र की उन्नति और समाज के कल्याण का कार्य करता रहेगा। इस अवसर पर ब्राह्मण खाप हरियाणा प्रवक्ता सुशील शर्मा, समाजसेवी संजीत शर्मा, समाजसेवी राजेश शर्मा, समाजसेवी प्रदीप गौतम एडवोकेट, एडहॉक कमेटी के अध्यक्ष सचिन भारद्वाज, समाजसेवी प्रमोद शर्मा मौजूद रहे।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *