कुवि में कार्यकारिणी परिषद की 287वीं बैठक सम्पन्न, 23 महत्वपूर्ण मुद्दों पर लिए गए शैक्षणिक एवं प्रशासनिक निर्णय
कुरुक्षेत्र, 27 सितंबर। 
कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. सोमनाथ सचदेवा की अध्यक्षता में शनिवार को कमेटी रूम में कार्यकारी परिषद की 287वीं बैठक आयोजित हुई, जिसमें 23 महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा कर शैक्षणिक एवं प्रशासनिक निर्णय लिए गए।
बैठक में पिछली कार्यकारी परिषद की कार्यवाही की पुष्टि की गई तथा उस पर हुई कार्यवाही की समीक्षा की गई। कार्यकारी परिषद ने चयन समितियों की अनुशंसाओं पर प्रोफेसरों के पदोन्नयन, हरियाणा के माननीय मुख्यमंत्री द्वारा महर्षि कश्यप जयंती के अवसर पर की गई घोषणा के अनुसार कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में महर्षि कश्यप पीठ (चेयर) की स्थापना के लिए समिति द्वारा अपनी सिफारिशें प्रस्तुत की गई हैं तथा लेटरल एडमिशन नियमावली में संशोधनों को मंजूरी दे दी है। ये संशोधित नियम आगामी शैक्षणिक सत्र 2026-27 से लागू होंगे।  बैठक में प्रो. संजीव बंसल, डीन, संकाय सामाजिक विज्ञान को स्थापना समिति में नामित करने की सिफारिश तथा विश्वविद्यालय कैलेंडर में पी.एफ. नियमों को सम्मिलित करने की समिति द्वारा सिफारिश प्रस्तुत की गई।
बैठक में डॉ. सिम्मी वशिष्ठ (यूएसएम) और विधि विभाग की सहायक प्राध्यापिका डॉ. मोनिका डॉ. मोनिका को अवैतनिक विशेष अवकाश बढ़ाने की अनुमति प्रदान की गई। इसके अलावा, दंत चिकित्सक डॉ. गौरव मेहला (दंत चिकित्सक) को आगामी छह माह की अवधि के लिए पुनः नियुक्त करने की मंजूरी प्रदान की गई है। बायोकेमिस्ट्री विभाग की प्रोफेसर डॉ. रंजन गुप्ता को महाराणा प्रताप बागवानी विश्वविद्यालय करनाल में बायोकेमिस्ट्री की प्रोफेसर के रूप में अपनी सेवाएं जारी रखने की प्रतिनियुक्ति में एक और वर्ष के विस्तार की अनुमति दी गई है। स्थापना समिति की सिफारिशों को स्वीकृति प्रदान कर दी गई है, जिसके तहत बजटेड पदों पर डिप्टी रजिस्ट्रार  और असिस्टेंट रजिस्ट्रार के पदों पर पदोन्नति दी जाएगी।
कार्यकारिणी परिषद की बैठक में पानीपत इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी, समालखा को पाँच वर्ष के लिए अस्थायी स्वायत्तता प्रदान करने का निर्णय लिया गया। साथ ही, राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के क्रियान्वयन हेतु संस्थागत विकास योजना की समीक्षा की गई। इस बैठक में प्रो. राकेश कुमार (कंप्यूटर विज्ञान एवं अनुप्रयोग विभाग) को डीन अकादमिक अफेयर्स नियुक्त करने की मंजूरी प्रदान की गई। इसके अतिरिक्त विभिन्न विभागों में चयन समितियों के लिए विशेषज्ञ पैनल तैयार करने, डॉ. अजायब सिंह (हिंदी विभाग) की पुष्टि सहायक प्रोफेसर के रूप में तथा डॉ. प्रदीप कुमार (सेवानिवृत्त प्रोफेसर, इंस्ट्रूमेंटेशन विभाग) को पुनर्नियुक्त करने के प्रस्तावों को भी स्वीकृति दी गई। बैठक में विश्वविद्यालय स्थापना समिति ने यूएसएमएस के वरिष्ठतम लेक्चरर को यूएसएमएस के प्राचार्य पद पर पदोन्नति देने की सिफारिश की है।
इस बैठक में कुलसचिव लेफ्टिनेंट डॉ. वीरेन्द्र पाल सहित कार्यकारिणी परिषद के सदस्य मौजूद रहे।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *